अस्थायी गोशाला में निरीक्षण के दौरान मिली खामियां
खेकड़ा। पशुपालन विभाग के संयुक्त निदेशक ने बृहस्पतिवार को खेकड़ा और क्षेत्र की अस्थायी गोशालाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान मिली खामियों का तत्काल निराकरण नहीं कराए जाने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी।
पशुपालन विभाग लखनऊ के संयुक्त निदेशक डॉ. आनंद सोलंकी ने खेकड़ा समेत जनपद की कई गोशालाओं को निरीक्षण किया। इस दौरान सभी गोशालाओं में उन्हें खामियां मिलीं। इस पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताते हुए संबंधित कर्मचारियों को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने बताया कि वे गत जुलाई में निरीक्षण कर संबंधित कर्मचारियों को खामियां दूर करने के निर्देश देकर गए थे। हालांकि उन्हें दूर नहीं किया गया। उन्होंने वर्षा ऋतु में चारा प्रबंधन, स्वच्छ पानी, गर्मी से बचाव आदि को लेकर कर्मियों को निर्देश दिए। खामियों का निराकरण न होने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी। उन्होंने बताया कि गोशालाओं को लेकर सीएम योगी बेहद सख्त बने हुए हैं। खेकड़ा की अस्थायी गोशाला में कई गायों की हुई मौत का मामला गंभीरता से लिया जा रहा है। उन्होंने खेकड़ा के अतिरिक्त बसी, रटौल, मीतली, टटीरी आदि गोशालाओं का भी निरीक्षण किया।