Murder: सपा नेता के भाई की हत्या में पुलिस के खाली हाथ, खुलासे के लिए लगीं पांच टीमें, हत्यारे अभी पकड़ से दूर
Baghpat Murder Case : बागपत में सपा नेता के भाई की हत्या में पुलिस के अभी तक खाली हाथ है। हत्यारों की तलाश के लिए पांच टीमें लगीं हैं।
विस्तार
सपा युवजन सभा के जिलाध्यक्ष मुर्सलीम उर्फ काला के प्रॉपर्टी डीलर भाई यूसुफ की हत्या के मामले में पुलिस को अन्य जानकारियां मिली हैं। मगर पुलिस हत्या के खुलासे को लेकर अभी तक खाली हाथ दिख रही है। वहीं, हत्या के खुलासे के लिए पुलिस की पांच टीमें लगी हैं जो अलग-अलग जगहों पर काम कर रहीं हैं।
बागपत में नौरोजपुर गुर्जर गांव के रहने वाले सपा युवजन सभा के जिलाध्यक्ष मुर्सलीम उर्फ काला का तहेरा भाई यूसुफ (45) प्रॉपर्टी डीलिंग करता था। उसकी बुधवार सुबह को निवाड़ा की बाहरी बस्ती में नौरोजपुर रोड पर कार्यालय में बाइक सवार बदमाशों ने गोलियां मारकर हत्या कर दी थी। इस मामले के खुलासे में पांच टीमें लगीं हैं, जिनमें दो क्राइम ब्रांच, दो कोतवाली पुलिस, एक सर्विलांस की टीम शामिल है।
पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तो उससे पता चला कि हमलावर नौरोजपुर गुर्जर गांव की तरफ से आए थे। वह हत्या करके नेशनल हाईवे से होते हुए लोनी की तरफ भागे हैं। इसको देखते हुए पाबी गांव में पहले हुए झगड़े से जोड़कर भी इसे देखा जा रहा है। हालांकि, पुलिस को अभी तक इस मामले में कोई ऐसी जानकारी नहीं मिली है, जिससे हमलावरों की पहचान हो सके और हत्या का खुलासा किया जा सके।
प्रॉपर्टी डीलर को लगी थीं चार गोलियां
प्रॉपर्टी डीलर यूसुफ के शव का पोस्टमार्टम करने के साथ ही एक्स-रे कराया गया। बताया गया कि यूसुफ को चार गोली मारी गईं थीं, जिनमें एक गोली आंख, दो गोली सीने और एक पेट के पास लगी है। एक गोली सिर व दूसरी पेट से मिली है, जबकि दो गोली शरीर से आरपार निकल गईं। गोली लगने से यूसुफ के पेट के अंदर के सभी अंग क्षतिग्रस्त हुए।
यह भी पढ़ें: UP: जीवा हत्याकांड में कुख्यात बदन सिंह बद्दो के खिलाफ चार्जशीट दाखिल, कोर्ट के भीतर गोलियों से किया था छलनी
हत्या के खुलासे के लिए पांच टीमें लगी हुईं हैं। पुलिस अभी कई लाइन पर काम कर रही है। अभी तक कोई अहम जानकारी नहीं मिल सकी है, लेकिन उम्मीद है कि जल्द हत्या की घटना का खुलासा किया जाएगा। - नरेंद्र प्रताप सिंह, एएसपी
यह भी पढ़ें: पीड़िता मांगे न्याय: पत्नी की कीमत लगाई डेढ़ लाख, भरी पंचायत में पति ने सुना दिया ऐसा फैसला