खेकड़ा (बागपत)। ग्राम हसनपुर मसूरी में दो समुदायों के बीच रंजिश को लेकर हुए संघर्ष में एक महिला समेत दोनों पक्षों के आधा दर्जन लोग घायल हो गए। घायलों ने खेकड़ा कोतवाली में पहुंचकर एक दूसरे के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दी है। मामला दो समुदायों के बीच का होने के कारण गांव में पुलिस तैनात की गई है।
ग्राम हसनपुर मसूरी में सोमवार की शाम करीब आठ बजे तसलीम व कर्मवीर के बीच रंजिश को लेकर हुई कहासुनी संघर्ष में बदल गई। संघर्ष में दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी डंडे चले। इसमें एक पक्ष के प्रदीप, नरेंद्र व संतरा पत्नी कर्मवीर तथा दूसरे पक्ष के तस्लीमुद्दीन, अलीम व तोसीम समेत दोनों पक्षों के आधा दर्जन लोग घायल हो गए। आसपास के लोगों ने दोनों पक्षों में बीच बचाव कराया। इसके बाद दोनो पक्षों के लोगों ने थाना पर तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर लेकर दोनों पक्षों के घायलों का सीएचसी पर ले जाकर इलाज कराया। कोतवाली प्रभारी संजीव कुमार का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। इसके बाद कार्रवाई होगी।