Bijnor: पहली बारिश में हरेवली-नगीना मार्ग पर पुलिया ध्वस्त, ग्रामीणों को करना पड़ा जुगाड़
पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से टूटी पुलिया के स्थान पर लोहे के गाटरों को लगाकर मार्ग को पैदल चलने वालों के लिए वैकल्पिक तौर चालू कराया।
विस्तार
बिजनाैर जनपद में हरेवली भारी बारिश के कारण हरेवली- नगीना मार्ग पर गांव हरेवली के समीप लोक निर्माण विभाग के मार्ग पर बनी पुलिया ध्वस्त हो गई। पुलिया के टूटने से लोगों का आवागमन पूरी तरह से बाधित हो गया। बाद में पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से टूटी पुलिया के स्थान पर लोहे के गाटर और किसानों के ट्रिपलरों को लगाकर पैदल मार्ग चालू कराया।
हरेवली निवासी लोगों ने बताया कि लोनिवि की ओर से करीब तीन साल पहले हरेवली से नगीना मार्ग को बनाया गया था। विभाग की ओर से पानी की निकासी के लिए मार्ग पर गांव के पास ही पुलिया का निर्माण कराया गया था। मंगलवार देर रात भारी बारिश के कारण जब क्षेत्र के जंगलों का बारिश का पानी पुलिया के माध्यम से प्रवाहित हुआ तो पुलिया पानी के तेज प्रवाह के कारण ध्वस्त हो गई।
बताया गया कि इस मार्ग से क्षेत्र के कई गांवों के लोगों का आवागमन बना रहता है। जैसे ही ग्रामीणों में बुधवार को पुलिया के ध्वस्त होने का पता लगा तो उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे और उन्होंने किसी तरह से ग्रामीणों के सहयोग से टूटी पुलिया के स्थान पर लोहे के गाटरों और ट्रिपलरों को लगा कर पैदल मार्ग चालू कराया गया।
पुलिस की ओर से हर प्रकार के वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है। ग्रामीणों का कहना है कि यह अच्छा रहा कि मंगलवार देर रात जब पुलिया टूटी। तो उस दौरान कोई छोटा-बड़ा वाहन मार्ग से नहीं गुजर रहा था। नहीं तो बड़ी घटना घटित हो सकती थी।
लोनिवि से जल्द टूटी पुलिया का निर्माण कराने की मांग
ग्रामीणों का आरोप है कि रात्रि में पुलिया के टूटने का पता लगते ही लोक निर्माण विभागके अधिकारियों को फोन पर अवगत करा दियाथा। पर किसी ने बुधवार की शाम तक भी यहां आकर नहीं देखा। ग्रामीणों ने विभाग के अधिकारियों ने जल्द टूटी पुलिया को तैयार कर आवागमन पहले की तरह से चालू कराने की मांग की है।
उधर एसडीएम ऋतु रानी का कहना है कि ऐसा मामला संज्ञान में नहीं है। वह किसी जरूरी कार्य से बाहर है। आने के बाद विभाग के अधिकारियों से वार्ता कर ग्रामीणों की समस्या का निदान कराने का प्रयास होगा।