UP: शिक्षक नेता पर बीएसए से कार्यालय में घुसकर अभद्रता का आरोप, DM ने एसपी को सौंपी जांच, मुकदमे की तैयारी
Baghpat News : शिक्षक नेता पर बीएसए से कार्यालय में घुसकर अभद्रता का आरोप लगा है। DM ने एसपी को जांच सौंपी है। अब इस मामले में मुकदमे की तैयारी चल रही है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बागपत में माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रांतीय कार्यकारिणी सदस्य व सेवानिवृत्त शिक्षक वीरेंद्र कुमार सिंह व एक साथी पर बीएसए कीर्ति संग कार्यालय में घुसकर अभद्रता व सरकारी कार्यालय में बाधा डालने का आरोप लगा। बीएसए ने मामले में डीएम को शिकायत दी, जिसको डीएम ने एसपी के पास भेज दिया। जिस पर एसपी ने मुकदमा दर्ज कराने के आदेश दिए है।
बीएसए कीर्ति ने शिकायत में कहा कि वह सोमवार शाम को अपने कार्यालय में बैठी थी। तभी उनके कार्यालय में जनता वैदिक इंटर कॉलेज बड़ौत के सेवानिवृत्त सहायक शिक्षक वीरेंद्र कुमार सिंह व गांधी स्मारक इंटर कॉलेज दोघट के शिक्षक मनोज कुमार जबरन घुस गए। वह शराब के नशे में प्रतीत हो रहे थे। वीरेंद्र कुमार उन पर गूंगाखेड़ी के कंपोजिट विद्यालय में सहायक अध्यापक अपने बेटे दीपक तोमर व पुत्रवधू मीनू का पिछले महीने का एक दिन का वेतन तत्काल बहाल करने के लिए कहने लगे। बीएसए के अनुसार वह 12 अक्तूबर को कंपोजिट विद्यालय में निरीक्षण के लिए गई थी, जहां दीपक व मीनू अनुपस्थित मिले थे तो उनका उस दिन का वेतन रोक दिया गया था। उस वेतन को बहाल करने का वीरेंद्र कुमार ने दबाव बनाया तो उनको बाहर जाने के लिए कहा गया।
आरोप है कि वह उनके साथ गाली-गलौज करते हुए अभद्रता करने लगे और सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने लगे। वहां शोर सुनकर अन्य कर्मी भी पहुंच गए तो उनके सामने भी अभद्रता करते रहे। उन दोनों को किसी तरह कर्मियों ने कार्यालय से बाहर निकाला। इस मामले में बीएसए ने तुरंत डीएम को अवगत कराते हुए दोनों का कार्यालय में प्रवेश प्रतिबंधित कराने व उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई के लिए शिकायत दी, जिसको एसपी के पास भेजा गया।
यह भी पढ़ें: Meerut: रफ्तार पकड़ रहा रैपिड रेल का 82 किलोमीटर लंबा ट्रैक, मोदीनगर से संजय वन तक 450 पिलर तैयार
बीएसए के साथ कार्यालय में घुसकर अभद्रता करने व सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने की शिकायत मिली है। उस पर कोतवाली पुलिस को मुकदमा दर्ज करने के आदेश दे दिए गए है। उसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। - नीरज कुमार जादौन, एसपी
यह भी पढ़ें: इंतजार खत्म: अमानगढ़ में जंगल सफारी शुरू, अब पर्यटक देख सकेंगे खूबसूरत नजारा, तस्वीरें
मैं एक पुराने प्रकरण को लेकर बीएसए से मिलने गया था। मैंने किसी तरह की कोई गलत बात नहीं की और न कोई अभद्रता की है। अगर कोई आरोप लगाया गया है तो वह गलत है। - वीरेंद्र कुमार सिंह, प्रांतीय कार्यकारिणी सदस्य, माध्यमिक शिक्षक संघ