बागपत: दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष, जमकर चले लाठी-डंडे और धारदार हथियार, महिलाओं समेत नौ घायल
दो पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे व धारदार हथियार चले। इस खूनी संघर्ष में महिलाओं समेत नौ लोग घायल हो गए हैं।
विस्तार
बागपत जनपद में बड़ौत के अलावलपुर गांव में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया। दोनों पक्षों के लोगों ने एक-दूसरे पर लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला किया। इस दौरान दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर पथराव भी किया, जिसमें तीन महिला सहित नौ लोग घायल हो गए। पुलिस के साथ भी आपस में झगड़ रहे लोगों ने अभद्रता और धक्का-मुक्की की। आठ लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस की तरफ से 24 नामजद और 25 अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
रामकुमार और महिपाल में काफी लंबे समय से पुरानी रंजिश चल रही है। रविवार रात दोनों पक्षों में कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला किया। इस दौरान पथराव भी हुआ, जिससे गांव में अफरा-तफरी मच गई।
बताया गया कि मारपीट और पथराव में छोटू, अशोक, रामकुमार, निशा, वनिता, विनीत, कृष्णा, महिपाल घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस के साथ भी अभद्रता और धक्का-मुक्की की गई। इसके बाद पुलिस ने सख्ती बरतते हुए आठ लोगों को हिरासत में ले लिया। घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया।
यह भी पढ़ें: वायुसेना अफसर की मौत: परिवार में पसरा मातम, पत्नी-बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल, नम आंखों से दीं अंतिम विदाई
इंस्पेक्टर एनएस सिरोही ने बताया कि झगड़े में छोटू उर्फ विजय, मोनू, अशोक, बिट्टू, दुर्गेश निवासी अलावलपुर सहित तीन महिलाओं को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।
यह भी पढ़ें: Muzaffarnagar: अंग्रेजों के जमाने का पुल धराशायी, गंगनहर में गिरी जेसीबी, चालक ने कूदकर बचाई जान
इन लोगों के खिलाफ दर्ज हुई रिपोर्ट
इंस्पेक्टर ने बताया कि झगड़े के दौरान पुलिस के साथ अभद्रता और धक्का-मुक्की करने के मामले में छोटू उर्फ विजय, अनुज, मोनू, अनूप, राजकुमार, अशोक, मनीष, शिवम, शुभम, सरोज पत्नी रामकुमार, मोहन, सुरेंद्र, राजीव, वनिता पत्नी छोटू उर्फ विजय, महिपाल, आजाद, विनीत, रोकी पत्नी महिपाल, दुर्गेश, शेखर, बिट्टू, नकुल, कृष्णा पत्नी सतपाल, बिजेंद्री पत्नी महिपाल शामिल हैं। 25 अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज है। पकड़े गए लोगों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है। फरार की तलाश शुरू कर दी है।