Baghpat News: फावड़े से सिर पर किए ताबड़तोड़ वार, किसान की हत्या से मचा कोहराम, चार के खिलाफ मुकदमा
Baghpat Murder News : फावड़े से ताबड़तोड़ वार कर किसान की हत्या कर दी गई। हत्या से गांव में सनसनी फैल गई है। उधर, मौके पर पहुंची पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
विस्तार
बागपत जनपद में छपरौली क्षेत्र के कुर्डी गांव में गली से बुग्गी निकालने को लेकर हुए विवाद में एक बुजुर्ग की सिर में फावड़ा मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर पिता-पुत्र समेत चार के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कुर्डी गांव निवासी सतेंद्र ने पुलिस को बताया कि उसका तहेरा भाई इंद्रपाल (60) पुत्र बालूराम अपनी पत्नी रामकली के साथ गांव में रहता है। वह मजदूरी करके गुजारा करता था। बताया कि पड़ोसी कुंवरपाल के घर में निर्माण जारी है। वह दो दिन पहले मकान के लिए बुग्गी में निर्माण सामग्री लेकर आ रहा था। गली संकीर्ण होने के कारण इंद्रपाल के घर के आगे बनी सीढ़ियां टूट गई थीं। इससे उनके बीच विवाद हो गया था। तब मामला शांत करा दिया था।
बताया गया कि कुंवरपाल सोमवार सुबह बुग्गी में रोड़ी लेकर आ रहा था। इस पर इंद्रपाल पक्ष ने गली से बुग्गी लेकर जाने का विरोध जताया और उनके बीच मारपीट होने लगी। इसके बाद देखते ही देखते विवाद बढ़ गया।
यह भी पढ़ें: Meerut: बोरे में शव मिलने का मामला, महिला की पहचान हुई न आरोपी तक पहुंची पुलिस, दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका
आरोप लगाया कि कुंवरपाल ने अपने बेटे व अन्य के साथ मिलकर इंद्रपाल के सिर पर फावड़े से ताबड़तोड़ वार कर दिए। जिसमें इंद्रपाल गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद उसे छपरौली सीएचसी में भर्ती कराया गया। जहां से जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। वहीं जिला अस्पताल में इंद्रपाल को मृत घोषित कर दिया गया।
यह भी पढ़ें: UP: पति का नहीं लगा सुराग, पुलिस को मिली आखिरी लोकेशन, पत्नी के शव का हुआ अंतिम संस्कार, बेड पर मिली थी लाश
उधर, उसके भाई सतेंद्र की तहरीर के आधार पर पुलिस ने गांव के ही कुंवरपाल व उसके पुत्र सूरज, मोहित और कमल उर्फ कल्लू के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया। इस बाबत थाना प्रभारी रवि रतन सिंह का कहना है कि हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।