मुबारकपुर। सठियांव ब्लाक में गुजरपार से नैठी ग्राम के बीच प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत 320.31 लाख की लागत से पांच किमी लंबी सड़क बनाई जा रही है। ग्रामीणों ने सड़क की गुणवत्ता खराब होने का आरोप लगाते हुए रविवार को सुबह काम रोकवा दिया और प्रदर्शन किया।
उनका कहना है कि पांच किमी सड़क का चौड़ीकरण किा जाना है लेकिन सड़क नैठी के बजाय सिकंदरपुर की तरफ बनाई जा रही है।
गांव के कुछ प्रभावशाली लोगों के कहने पर अवर अभियंता और ठेकेदार ने यह परिवर्तन किया है। गांव वालों ने सुबह काम बंद करा दिया और नैठी से रोड बनाने की मांग करने लगे। लोगों का तेवर देखकर ठेकेदार मौके से फरार हो गया। लोगों ने अवर अभियंता से फोन पर बात की लेकिन कोई सार्थक परिणाम नहीं निकला। लोगों का कहना कि जब तक नैठी में निर्माण नहीं शुरू होता वे सड़क नहीं बनने देंगे। उन्होंने जिलाधिकारी से मामले की जांच कराने की मांग की। सहायक अभियंता डीबी सिंह का कहना है कि सड़क की स्वीकृत नैठी के नाम से हुई है लेकिन उसकी डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट सिकंदरपुर के लिए ही बनाई गई है। ऐसे में यह मार्ग सिकंदरपुर तक ही बनेगा। प्रदर्शन करने वालों में धीरेंद्र सिंह, विनय सिंह नेता, अवनीश सिंह, दीनबंधु सिंह, झब्बू सिंह, बबलू सिंह, विनोद श्रीवास्तव, विशाल, सर्वेश यादव, सूरज वर्मा, राहुल सोनकर, गुड्डू शर्मा, समीर अहमद, जगरनाथ राजभर आदि शामिल रहे।