यूपी बोर्ड: परीक्षा केंद्र निर्धारण के लिए मांगी गई आधारभूत जानकारी, गड़बड़ी मिलने पर होगी कार्रवाई
UP Board Exam: तहसील स्तर पर गठित समिति में एसडीएम अध्यक्ष, नामित अभियंता सदस्य, तहसीलदार सदस्य और शिक्षा विभाग का अधिकारी सदस्य सचिव होंगे। यह समिति विद्यालयों के स्ट्रांग रूम, सीसीटीवी और सुरक्षा व्यवस्था की जांच करेगी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
Azamgarh News: माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) ने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा के लिए केंद्र निर्धारण की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके लिए जिला विद्यालय निरीक्षक ने जिले के सभी प्रधानाचार्यों से 10 नवंबर तक आधारभूत सूचनाएं अपलोड करने को कहा है। विद्यालयों की सूचनाओं को परिषद की वेबसाइट यूपीएमएसपी डॉट ईडीयू डॉट इन पर अपलोड किया जाएगा।
जिला विद्यालय निरीक्षक उपेंद्र कुमार ने बताया कि परीक्षा केंद्र निर्धारण नीति के तहत विद्यालयों से 10 नवंबर तक मांगा गया डाटा अपलोड करना होगा। उसके बाद उनकी जांच होगी। इसके लिए 12 नवंबर से तहसील स्तरीय समितियां विद्यालयों का भौतिक सत्यापन करेंगी और 17 नवंबर तक रिपोर्ट जमा करेंगी।
भौतिक सत्यापन के दौरान किसी भी तरह की गड़बड़ी या गलत जानकारी मिलने पर विद्यालय प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई होगी। सत्यापित रिपोर्ट के आधार पर परिषद केंद्रों की प्रारंभिक सूची 27 नवंबर तक जारी करेगी। चार दिसंबर को आपत्तियां ली जाएंगी। 11 दिसंबर तक आपत्तियों का निस्तारण कर सूची तैयार की जाएगी।
केंद्र बनने के मानक
- चहारदीवारी युक्त विद्यालय भवन
- प्रशासनिक कार्यालय से लेकर परिसर और परीक्षा कक्ष तक सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था
- निर्बाध बिजली आपूर्ति
- चालू हालत में विद्यालय की स्थिति
- पेयजय, शौचालय की समुचित व्यवस्था
- पृथक प्रशासनिक कार्यालय
- विद्यालय में वाईफाई की सुविधा अनिवार्य
जिले में संचालित हैं 806 माध्यमिक विद्यालय
जिले भर में कुल 806 माध्यमिक विद्यालय संचालित हैं। इसमें 26 राजकीय विद्यालय हैं। इनमें से दो राजकीय विद्यालयों का संचालन इस वर्ष से होगा। जबकि 97 विद्यालय सहायता प्राप्त संचालित है। इसके अलावा 683 विद्यालय वित्त विहीन संचालित हैं। परीक्षा केंद्रों में सर्वाधिक संख्या वित्त विहीन विद्यालयों की रहती है।