UP Chunav 2022: आजमगढ़ में अमित शाह गरजे, कहा- कांग्रेस सरकार में होती थी आलिया, मालिया और जमालिया की घुसपैठ
आजमगढ़ के लालगंज में गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि जिनकी आंखों पर एक जाति और धर्म का चश्मा और सोच में सिर्फ परिवार व माफियाओं का कल्याण हो, वो सपा-बसपा कभी पूर्वांचल की समग्र जनता का भला नहीं कर सकती।
विस्तार
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने गुरुवार को आजमगढ़ में चुनावी जनसभा को संबोधित कर विपक्ष पर हमला बोला। कहा कि जब तक देश में कांग्रेस और अन्य दलों की सरकार रही तब तक पाकिस्तान से आलिया, मालिया और जमालिया घुसपैठ करते थे। लेकिन अब मोदी सरकार में भारतीय सेना पाक में घुस कर आतंकियों के खिलाफ कार्रवाई करती है।
लालगंज विधानसभा क्षेत्र में आयोजित जनसभा में उन्होंने कहा कि यूपी में भाजपा पुनः सत्ता में आई तो इंटर पास कर उच्चा शिक्षा में जाने वाली छात्राओं को स्कूटी का तोहफा दिया जाएगा। अब तक मोदी सरकार ने प्रदेश के किसानों को सम्मान निधि के रूप में 37 हजार करोड़ रुपये दिया है। फिर से यूपी की सत्ता में आने पर किसानों का बिजली बिल पूरी तरह से माफ कर दिया जाएगा।
शाह बोले- फिर विरोधी कहते हैं काम नहीं किया
अमित शाह ने कहा कि हर गरीब को पक्का मकान दिया जाएगा। पीएम मोदी ने आयुष्मान योजना के माध्यम से गरीबों को पांच लाख तक के मुफ्त इलाज की सुविधा दिया। पांच एक्सप्रेस वे बनाए गए तो वहीं 40 मेडिकल कालेज, 52 इंजीनियरिंग कालेज व 56 नर्सिंग कालेज खोले गए। हवाई पट्टी को एयरपोर्ट में तब्दील कराया गया।
अखिलेश यादव पर किया हमला
आजमगढ़ को विश्वविद्यालय की सौगात दी गई। इसके बाद भी विरोधी कह रहे है कि विकास नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि कश्मीर हमारा है लेकिन पूर्ववर्ती सरकार धारा 370 को हटाने की हिम्मत नहीं जुटा सकी। जब हमारी सरकार धारा 370 को हटाने की तैयारी किया तो यहीं अखिलेश बाबू कहते थे कि देश में खून की नदिया बह जाएगी, लेकिन हमने धारा 370 हटाया और कहीं कुछ नहीं हुआ।
पाकिस्तान के आतंकियों से हमने बदला लिया। पुलवामा कांड के बाद 10 दिन के अंदर ही पाक में घुस कर आतंकियों को उन्हीं की धरती पर मार गिराने की कवायद की गई। कहा कि जिनकी आंखों पर एक जाति व धर्म का चश्मा और सोच में सिर्फ परिवार व माफियाओं का कल्याण हो, वो सपा-बसपा कभी पूर्वांचल की समग्र जनता का भला नहीं कर सकती।