यूपी: धर्म परिवर्तन के आरोप में दो गिरफ्तार, मुकदमा दर्ज
गिरफ्तार युवक ने बताया कि वह धार्मिक प्रचार करता है। वह धर्मांतरण नहीं कराता। ग्राम प्रधान की तहरीर पर दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आजमगढ़ जिले की जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के मिश्रपुर लाटघाट गांव में धर्मांतरण के आरोप में पुलिस ने ईसाई मिशनरी से जुड़े दो लोगों को गिरफ्तार किया है। ग्राम प्रधान ने धर्मांतरण कराने की सूचना दी थी लेकिन दोनों आरोपियों का कहना है कि वे धार्मिक प्रचार करते हैं। ग्राम प्रधान की तहरीर पर दोनों पर मुकदमा दर्ज किया गया है।
मिश्रपुर लाटघाट गांव निवासी रामबचन के घर पर मंगलवार को पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी निवासी राजू माझी व उसका सहयोगी बिलरियागंज थाना क्षेत्र के अंडाखोर गांव निवासी प्रदीप कुमार के घर धार्मिक कार्यक्रम कर रहे थे। इसकी सूचना पर मिश्रपुर ग्राम प्रधान पति अनिल मिश्रा, मोचीपुर गांव के प्रधान अश्वनी, देवेंद्र विश्वकर्मा, नन्हे राय, आकाश, लालू के साथ विश्व हिंदू परिषद और भारतीय जनता पार्टी के सदस्य पहुंच गए।
सूचना पर जीयनपुर कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और राजू व प्रदीप को हिरासत में लेकर थाने ले आई। मौके पर मोहम्मदपुर, मिसिरपुर, मोचीपुर, बैदौली, मक्खापुर आदि गांव की महिलाएं मौजूद थीं। थाने में दोनों से पूछताछ की गई।
पूछताछ में राजू ने बताया कि वह मऊ जिले के घोसी कोतवाली क्षेत्र के अमिला गांव में रामजी यादव के मकान में किराये पर रहता है और धार्मिक प्रचार करता है। वह धर्मांतरण नहीं कराता। थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह ने बताया कि मोचीपुर के ग्राम प्रधान अश्वनी कुमार गुप्ता की तहरीर पर दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। तहरीर में कहा गया है कि राजू और प्रदीप महिलाओं को धर्मपरिवर्तन के लिए पैसों का लालच दे रहे थे और धमका भी रहे थे।