कश्मीरी लड़की संग पति ने रचा निकाह: पहले मारपीट कर घर से निकाला, फिर फोन पर दे दिया तीन तलाक
आजमगढ़ जिले की रानी की सराय थाने में महिला ने तहरीर दी। आरोप लगाया कि पति ने मारपीट कर दिल्ली स्थित घर से निकाल दिया। कश्मीरी लड़की से निकाह कर लिया और फोन तीन तलाक दे दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
विस्तार
यूपी के आजमगढ़ जिले की रानी की सराय थाने में रविवार को तीन तलाक का मुकदमा दर्ज किया गया। पीड़िता ने पति पर मारपीट कर घर से निकालने, कश्मीरी लड़की से दूसरा निकाह कर लेने और फोन पर तीन तलाक देने का आरोप लगाया है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच पड़ताल में जुटी है।
रानी की सराय थाना के आंवक गांव निवासी सुफियान अहमद ने अपनी पुत्री शाहीना बानों की शादी अशहद खान निवासी खुंदनपुर थाना मेंहनगर (हाल मुकाम के-108, गली नंबर 05 अबुल फजल एनक्लेव पार्ट-1 ओखला जामिया नगर दक्षिण दिल्ली) के साथ किया था।
शादी के कुछ दिन बाद ही बदला पति
शादी के बाद से ही शाहीना पति के साथ दिल्ली रहती थी। दोनों के चार बच्चे हुए। बड़ी बेटी की बीमारी के चलते मौत हो चुकी है। शाहिना का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही पति के चाल-चलन में बदलाव नजर आने लगा।
कारोबार करने के नाम पर वह मुझसे 50 लाख रुपये नकद व एक स्कार्पियो गाड़ी मायके से लाने का दबाव बनाने लगे। शाहिना ने जब मायके की आर्थिक स्थिति का हवाला देते हुए ऐसा करने से इंकार किया तो उसे मारा-पीटा जाने लगा। इस बीच पति ने एक कश्मीरी लड़की से दूसरा निकाह तक कर लिया।
आरोप है कि विरोध करने पर पति ने शाहीना को मारपीट कर बच्चों संग घर से निकाल दिया गया। मायके वालों को इसकी जानकारी हुई तो वे दिल्ली गए। शाहीना और उसके बच्चों को लेकर छह जून को आंवक आ गए। 8 जून को एक अज्ञात नंबर से पति ने फोन किया और फोन पर ही तीन तलाक दे दिया। पीड़िता ने थाने पर तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई है। पुलिस जांच पड़ताल में जुट गई है।