बलिया में दर्दनाक हादसा: संविदा एसएसओ की करंट लगने से मौत, मंदिर की बिजली ठीक करते वक्त झुलसा; मता मातम
संविदा एसएसओ की करंट लगने से मौत हो गई। बताया गया कि घर के पास स्थित मंदिर की बिजली लाइन में खराबी आ गई थी। उसे ठीक करने के दौरान संविदा एसएसओ करंट की चपेट में आ गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजन उसे अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
विद्युत उपकेंद्र देहात पर संविदा के एसएसओ पद पर तैनात अनीश तिवारी (25)की बुधवार की देर शाम करंट लगने से मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
रेवती थाना क्षेत्र के दलछपरा गांव निवासी अनीश तिवारी बुधवार की सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक विद्युत उपकेंद्र पर ड्यूटी पर तैनात थे। ड्यूटी खत्म होने के बाद वह बाइक से अपने गांव चले गए। घर के पास स्थित मंदिर की लाइन में खराबी होने पर स्थानीय लोगों ने उनसे लाइन ठीक करने के लिए कहा।
अनीश मंदिर पर पहुंचकर बिजली का तार ठीक कर रहे थे। इसी दौरान वह करंट की चपेट में आ गए और गंभीर रूप से झुलसकर जमीन पर गिर पड़े। स्थानीय लोगों ने उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रेवती पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
ग्रामीणों के अनुसार अनीश परिवार के अकेले कमाऊ सदस्य थे। उनके दो अन्य भाई बेरोजगार हैं। अनीश की मौत से परिवार के सामने आर्थिक संकट गहरा गया है। हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
एसडीओ हंसराज यादव ने बताया कि अनीश तिवारी संविदा पर एसएसओ के पद पर तैनात थे। ड्यूटी करने के बाद घर लौटे फिर वह गांव के मंदिर की बिजली लाइन ठीक कर रहे थे, इसी दौरान हादसा हुआ। मामले की जांच कराई जा रही है। जो भी संभव होगा, मृतक के परिजनों को सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
करंट से मौत के मामले
केस 1: सिकंदरपुर थाना के डूहा बिहरा गांव में मोटर लगे हैंडपंप में करंट उतरने से बीना सिंह (45) व उसे बचाने पहुंची बेटी काजल (20) भी करंट की चपेट में आ गई। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
केस 2: दोकटी थाना क्षेत्र के भगवानपुर गांव में 10 जुलाई को घर के बाहर खेल रही चार वर्षीय रोशनी करंट प्रवाहित बिजली के लोहे के खंभे से सट गई। इसमें मौत हो गई।
केस 3: बैरिया थाना के शुभनथही गांव में 13 जुलाई को घर की बिजली लाइन ठीक करते समय कक्षा नौ के छात्र प्रिंस यादव (16) को करंट लग गया। अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
केस 4: बांसडीहरोड थाना के शाहपुरवा गांव में 23 जुलाई को खेत में टूटकर गिरे 11 हजार वोल्ट के हाईटेंशन तार की चपेट में आने से राजेश यादव (27) व बेटे को बचाने दौड़े पिता जनार्दन यादव (58) भी करंट की चपेट में आने से मौत हो गई।