Azamgarh News: परिवार को कमरे बंद कर चोरों ने खंगाला मकान, मजार के पास बैठ कर किया माल का बंटवारा; रपट दर्ज
उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले में देवगांव कोतवाली की पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज किया है। भुक्तभोगी ने बताया कि जब हम लोग गहरी नींद में थे, तभी चोर अंदर घुस गए। हमारे कमरे के अंदर से बंद कर अन्य कमरों में रखे कीमती सामान चुरा ले गए।
विस्तार
Crime in Azamgarh: आजमगढ़ के देवगांव कोतवाली क्षेत्र के लालगंज चौकी अंतर्गत मिर्जा आदमपुर गांव में शुक्रवार की रात चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए नकदी और जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। घटना में पीड़ित को करीब 70 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। चोरों ने घटना को उस वक्त अंजाम दिया जब परिवार गहरी नींद में सो रहा था।
जानकारी के अनुसार, मिर्जा आदमपुर गांव निवासी रामचंद्र यादव लोचन यादव का मकान एनएच-233 के किनारे स्थित है। शुक्रवार की रात करीब एक बजे चोर शौचालय की दीवार के सहारे छत पर चढ़े और वहां से सीढ़ी के रास्ते घर में दाखिल हो गए। घर के सभी कमरों को बाहर से बंद कर दिया गया, जिससे पूरा परिवार कमरे में ही कैद हो गया।
इसके बाद चोरों ने घर में रखी आलमारी से 12 हजार रुपये नकद, जरूरी दस्तावेज और अन्य सामान निकाल लिया। साथ ही घर में रखे दो बक्सों को उठाकर पास ही स्थित सैयद बाबा की मजार के पास ले जाकर ताले तोड़ दिए। बक्सों से चोरों ने एक सोने की सिकड़ी, एक जोड़ी पायल, जमीन से संबंधित मुकदमे के कागजात और कुछ नए कपड़े चुरा लिए।
पुलिस ने की कार्रवाई
लगभग एक घंटे बाद जब परिवार के लोग जागे तो उन्हें चोरी की जानकारी हुई। पीड़ित ने तत्काल 112 डायल कर पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची लालगंज पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी।
पीड़ित रामचंद्र यादव ने पुलिस चौकी में अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर दी है। लालगंज चौकी प्रभारी सुभाष तिवारी ने बताया कि घटना की जानकारी 112 के माध्यम से मिली थी, मौके पर जाकर निरीक्षण किया गया है और जांच जारी है।