मेजवां। कैफी आजमी गर्ल्स इंटर कॉलेज की छात्राओं ने शनिवार को प्लास्टिक मुक्त अभियान के तहत गांव में जागरूकता रैली निकाली। छात्राओं ने ग्रामीणों को सिंगल यूज प्लास्टिक के दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए इसके प्रयोग से बचने की अपील की। रैली के दौरान छात्राओं ने रास्ते में बिखरे प्लास्टिक कचरे को एकत्र कर डस्टबीन में डाला। साथ ही उन घरों को भी चिह्नित किया, जहां सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग नहीं किया जाता।
रैली कैफी आजमी गर्ल्स इंटर कॉलेज से शुरू होकर कैफी आजमी रोड, हुसैनी कटरा, फतेह मंजिल, मिजवां सोसाइटी और डाकघर होते हुए पुनः विद्यालय पहुंची। समापन पर आयोजित संगोष्ठी में प्रधानाचार्य शीला यादव और सीईओ गुरजीत कौर ने कहा कि एक बार उपयोग होने वाला प्लास्टिक पर्यावरण के लिए गंभीर खतरा है। इससे मिट्टी, जल और वायु प्रदूषित होती है तथा माइक्रोप्लास्टिक समेत कई हानिकारक तत्व मानव स्वास्थ्य और पर्यावरण पर प्रतिकूल प्रभाव डालते हैं। रैली के दौरान छात्राएं जागरूकता संबंधी स्लोगन लिखी तख्तियां लेकर चल रही थीं, जिनके माध्यम से लोगों को प्लास्टिक मुक्त जीवन का संदेश दिया गया।