अहरौला। थाना क्षेत्र के रहने वाले एक वृद्ध ने कुछ दिनों पूर्व आंख का आपरेशन करवाया था। दवा खत्म हो जाने पर वह गांव के ही एक नीम हकीम के यहां दवा लेने पहुंच गया। जहां डॉक्टर ने उसे होम्योपैथ की कोई दवा पिलाई और इसके बाद वृद्ध को दिखाना ही बंद हो गया। शिकायत करने पर डॉक्टर जानमाल की धमकी देने लगा है। पीड़ित की पत्नी ने शनिवार को अहरौला थाने में डॉक्टर के खिलाफ तहरीर दी है।
अहरौला के खानपुर चंदू गांव निवासी लखराज यादव (68) ने कुछ दिनों पूर्व अयोध्या में आंख का आपरेशन कराया था। वहां की दवा खाने के साथ ही आंखों में डाल भी रहा था। इस बीच दवा खत्म हो गई तो वह एक सप्ताह पूर्व गांव के ही एक झोलाछाप डॉक्टर के पास दवा की पर्ची लेकर पहुंच गया। लखराज की पत्नी का आरोप है कि झोलाछाप डॉक्टर ने पर्ची में लिखी दवा न देकर अपनी होम्योपैथ की दवा उसके पति को पिला लिया। जिसके पिलाते ही लखराज की आखों से दिखना कम हो गया। डॉक्टर से कहने पर उसने कहा कि यही दवा पिलाते रहो ठीक हो जाएगा। एक सप्ताह बाद जब लखराज को आंखों से दिखना बंद हो गया तो वह पुन: डॉक्टर के पास शिकायत लेकर पहुंची तो डॉक्टर व सहयोगियों ने उसे जानमाल की धमकी देने लगे। लखराज की पत्नी सुरजा देवी ने इस बाबत अहरौला थाने में झोलाछाप डॉक्टर के खिलाफ तहरीर दिया है। फिलहाल सुरजा देवी की तहरीर पर मुकदमा तो नहीं दर्ज हुआ है, लेकिन पुलिस अपने स्तर से जांच पड़ताल में जुटी है।