आजमगढ़। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर बुधवार को जिला कांग्रेस कमेटी आजमगढ़ की ओर से किसानों को डीएपी खाद की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित कराने और स्मार्ट मीटर लगाने के विरोध में डीएम के माध्यम से राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा जाना था। निर्धारित कार्यक्रम से पहले ही जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कौशल कुमार सिंह उर्फ मुन्ना राय को पुलिस ने उनके आवास पर नजरबंद कर दिया, ताकि वे विरोध कार्यक्रम में शामिल न हो सकें।
उन्होंने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताते हुए इसकी निंदा की। उनका कहना था कि खरीफ फसलों की बोआई और धान की रोपाई के समय प्रदेश के कई हिस्सों में डीएपी खाद की कमी से किसान परेशान हैं। किसानों को घंटों लाइन में लगना पड़ रहा है। इससे खेती का काम प्रभावित हो रहा है। ज्ञापन में स्मार्ट मीटर व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए कांग्रेस ने आरोप लगाया कि बड़ी संख्या में उपभोक्ता बिजली बिलों में अप्रत्याशित वृद्धि, बिलिंग संबंधी अनियमितताओं और प्रीपेड प्रणाली से जुड़ी समस्याओं का सामना कर रहे हैं। पार्टी ने मांग की कि स्मार्ट मीटर से संबंधित शिकायतों की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए। जांच पूरी होने तक इसकी प्रक्रिया पर रोक लगाने अथवा उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा के लिए अंतरिम व्यवस्था लागू की जाए। कांग्रेस ने राज्यपाल से डीएपी उर्वरक की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित करने, कालाबाजारी और जमाखोरी पर सख्त कार्रवाई करने और किसानों को निर्धारित मूल्य पर खाद उपलब्ध कराने की भी मांग की। बिजली बिलों की अनियमितताओं को दूर कर पारदर्शी और जवाबदेह बिजली व्यवस्था लागू करने की अपील की। इस दौरान गिरीश चंद्र चतुर्वेदी, सुरेंद्र सिंह, तेज बहादुर यादव, रामगणेश प्रजापति, अंसार अहमद, बेलाल बेग, मुन्नू यादव, अजीत राय, संतोष सिंह, मिर्जा शाने आलम बेग, पूर्णमासी प्रजापति, सीमा भारती, ओम प्रकाश सरोज, प्रदीप यादव, मंतराज यादव, काजी अकीलुर्रहमान, केदारनाथ मौर्य सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।