अहरौला। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अहरौला के परिसर में बना सार्वजनिक शौचालय उपयोग के लायक न होने पर मरीजों को लेकर पहुंची महिलाएं व पुरुषों ने बृहस्पतिवार शाम को विरोध प्रदर्शन किया। तीमारदारों ने कहा कि लाखों की लागत से बने इस शौचालय में कोई सुविधा ही नहीं है। यह शौचालय स्वच्छ भारत मिशन को मुंह चिढ़ा रहा है।अस्पताल परिसर में बने इस शौचालय का कोई मतलब नहीं रह गया है। बता दें कि अभी दो हफ्ते पहले मतलूबपुर गांव के निवासी रोहित पांडेय द्वारा मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर शौचालय की दुर्व्यवस्था को लेकर शिकायत दर्ज कराई गई थी। आसपास के लोगों ने बताया कि इसकी कभी कोई जांच पड़ताल करने नहीं आया और ना ही इसकी साफ-सफाई ही सुनिश्चित की गई और जिम्मेदार अधिकारियों ने शिकायत का निस्तारण कर उच्चाधिकारियों को भेज दिया। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने बताया कि कागजों में इसकी सफाई कर दी गई। जबकि मौके पर इसकी स्थिति इतनी खराब है कि शौचालय से बदबू उठ रही है। सबमर्सिबल चालू नहीं है। स्नानागार से लेकर शौचालय में 4 इंच की मोटी बालू की परत जमी हुई है। जिम्मेदार सचिव और प्रधान कभी शौचालय की हालत देखने नहीं गए। तीमारदारों ने शौचालय में बुनियादी सुविधाएं व सफाई की मांग किया। जिससे कि यहां आने वाले लोगों को कोई परेशानी न हो सके। प्रदर्शन करने वालों में लक्ष्मी चौबे, देवी पांडेय, दिनेश कुमार, मुकेश कुमार, शशांक, सुनील, वंदना रमवता, पूनम, उर्मिला, संगीता मौजूद रहे।