आजमगढ़। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष सुशील कुमार पांडेय के आजमगढ़ आगमन पर ब्रह्मस्थान पर शिक्षकों ने स्वागत किया। इसके बाद भोला सिंह सभागार में जिलाध्यक्ष सुरेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में बैठक हुई। जिलाध्यक्ष ने आरोप लगाया कि यहां के शिक्षकों का अधिकारी मानसिक उत्पीड़न कर रहे है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2018 में स्वेटर का 50 प्रतिशत और वर्ष 2019 में 25 प्रतिशत ड्रेस का बकाया है। अभी तक अधिकारियों द्वारा भुगतान नहीं किया गया जिसके कारण शिक्षक परेशान हैं।
कहा कि एक तरफ तो पुराने बकाए का भुगतान नहीं किया दूसरी तरफ ड्रेस के लिए कपड़ा खरीदने का दबाव बनाया जा रहा है। जनपद के अधिकारी शिक्षकों की समस्याओं को सुलझाने के बजाए और उलझा रहे हैं। इस संबंध में प्रदेश अध्यक्ष को माध्यमिक बेसिक शिक्षा मंत्री को संबोधित ज्ञापन दिया गया। प्रदेश अध्यक्ष सुशील पांडेय ने कहा कि शिक्षकों ने पूर्व में जो भी पाया है वह अपनी कर्मठता और संघर्षों की बदौलत पाया है। यूनिफार्म की समस्या आजमगढ़ और बस्ती में केवल उत्पंन की गई है। बेसिक शिक्षा मंत्री से मिलकर निदान कराया जाएगा। इस अवसर पर रामबचन यादव, बृजबिहारी सिंह, राजेंद्र यादव, प्रमोद लाल श्रीवास्तव, आयशा खान, अमित राय, संजय सिंह, पीएन सिंह, द्वारिकाधीश यादव, प्रमोद राय आदि शिक्षक उपस्थित रहे।