एसटीएफ लखनऊ की आजमगढ़ में छापेमारी: अवैध शराब फैक्टरी का भंडाफोड़, 20 लाख का माल बरामद, दो गिरफ्तारी
आजमगढ़ की जीयनपुर कोतवाली पुलिस और एसटीएफ लखनऊ की छापेमारी के दौरान मौके से दो लोग गिरफ्तार हुए हैं, तो वहीं दो अन्य भाग निकलने में सफल रहे।
विस्तार
आजमगढ़ जिले के जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के दाऊदपुर बखालिस बाजार स्थित एक मकान पर छापेमारी कर लखनऊ एसटीएफ और कोतवाली पुलिस ने अवैध शराब फैक्टरी का भंडाफोड़ किया है। टीम ने मौके से 20 लाख रुपये कीमत की अवैध शराब बरामद की है। साथ ही दो शराब कारोबारियों को भी गिरफ्तार किया गया है। वहीं मुख्य कारोबारी समेत दो मौके से भाग निकलने में सफल रहे।
एसटीएफ लखनऊ टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि जीयनपुर क्षेत्र में अवैध शराब फैक्टरी का संचालन हो रहा है। इस सूचना पर एसटीएफ टीम ने जीयनपुर कोतवाली पुलिस को साथ लिया और अवैध शराब फैक्टरी के बारे में जानकारी करने में जुट गई।
लोकेशन की पुष्टि के बाद मंगलवार को दिन में पुलिस ने दाऊदपुर बखालिस बाजार स्थित बंद हो चुके राजपूत साड़ी सेंटर के भवन पर छापेमारी की कार्रवाई की। छापा पड़ते ही वहां भगदड़ मच गई। कई लोग भाग निकलने में सफल रहे तो वहीं टीम ने मौके से वीरेंद्र सिंह पुत्र जयप्रकाश सिंह और मनोज राजभर को पकड़ लिया।
तलाशी लेने पर भवन के अंदर पांच ड्रम में भरे 1200 लीटर स्प्रीट, 30 पेटी तैयार बॉम्बे व्हिस्की, 3 पेटी बंटी बबली के अलावा 10 हजार से अधिक शीशी, 16 हजार से अधिक ढक्कन, तीन पैकिंग मशीन, पांच पैकेट रंग, 20 किग्रा यूरिया आदि बरामद हुआ। अवैध शराब फैक्ट्री पकड़े जाने की जानकारी होते ही जिलाधिकारी राजेश कुमार व एसपी सुधीर कुमार सिंह भी मौके पर पहुंच गए। बरामद अवैध शराब की कीमत लगभग 20 लाख रुपये बताई जा रही है।
अवैध शराब तैयार कर करते थे सप्लाई
जिलाधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर एसटीएफ लखनऊ की टीम ने छापेमारी की कार्रवाई की। यहां तैयार की जा रही अवैध शराब आसपास की बाजारों के साथ ही पड़ोसी जिलों में भी सप्लाई किए जाने की जानकारी मिली है। जिसे देखते हुए आसपास के सभी शराब के दुकानों की जांच पड़ताल भी कराई जा रही है। जहां कहीं भी इस अवैध फैक्टरी की शराब की खेप मिलेगी। उसके खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
एसपी सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि बरामद अवैध शराब की कीमत लगभग 20 लाख रुपये आंकी जा रही है। काफी दिनों से इस फैक्टरी का संचालन हो रहा था। मुख्य कारोबारी पन्ना लाल है जो फरार हो गया है। इस अवैध कारोबार में और भी लोग शामिल हो सकते है। जिनकी तलाश में पुलिस की कई टीमें लगा दी गई है।