आजमगढ़: अधिवक्ता कक्ष में स्टांप विक्रेता ने फांसी लगाकर दी जान, सुसाइड नोट में लिखा था- मैं पेट की बीमारी से परेशान
आजमगढ़ में कमिश्नरी के पास सेंट्रल बार एसोसिएशन के स्टांप विक्रेता का शव पंखे से लटकता मिला। सफाईकर्मी ने जब कमरे में पंखे से लटकता शव देखा तो शोर मचाया। मौके से पुलिस को सुसाइड नोट मिला है।
विस्तार
आजमगढ़ में कमिश्नरी के पास सेंट्रल बार एसोसिएशन के भवन में सोमवार सुबह एक वकील के कक्ष में स्टांप विक्रेता का लटकता शव मिलने से सनसनी फैल गई। स्टांप विक्रेता के पास से सुसाइड नोट मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जहानागंज थाना क्षेत्र के मित्तूपुर गांव निवासी 50 वर्षीय सतीश चंद्र राय पुत्र कैलाश राय सिधारी क्रॉसिंग के पास परिवार के साथ रहते थे। वो कमिश्नरी में स्टांप विक्रेता थे। सेंट्रल बार एसोसिएशन भवन के एक वकील के कक्ष में वह अपना सामान रखते थे। कमरे की एक चाबी वकील के पास और दूसरी चाबी सतीश के पास रहती थी।
सफाईकर्मी ने देखा शव तो मचाया शोर
सतीश सोमवार सुबह अपने आवास से टहलने के लिए निकले। इसके बाद वे सेंट्रल बार एसोसिएशन के भवन में चले गए। काफी समय बाद सफाईकर्मी पहुंचे। उन्होंने एक वकील का कमरा खुला देखा। अंदर गया तो पंखे से शव को लटकता हुआ देख शोर मचाया। शव मिलने की जानकरी होते ही लोगों की भीड़ जुट गई।
घटना की सूचना पर पुलिस भी पहुंची। तलाशी के दौरान सतीश के पास से सुसाइड नोट मिला। इसमें लिखा है कि पेट की बीमारी से तंग आ कर आत्महत्या कर रहे हैं। वकील भाई हमारे परिवार की रक्षा करें। सतीश के दो पुत्र हैं। घटना के बाद से पत्नी सीमा राय सहित परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। सिधारी थाना प्रभारी संजय कुमार सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही स्थिति स्पष्ट होगी।
तालाब में डूबने 14 वर्षीय किशोर की मौत
जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के नगर पंचायत अजमतगढ़ के वार्ड नंबर सात इंदिरा नगर निवासी 14 वर्षीय बालक की तालाब में डूबने से मौत हो गई। मौत की सूचना मिलते ही घर में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इंदिरा नगर निवासी निखिल गोंड़ 14 वर्ष पुत्र सचिंदर गोंड़ सोमवार को 2:30 बजे दिन में मछली शहर नगर वार्ड में शौच करने गया था। इसी दौरान पैर फिसलने से वह तालाब में गिरा और डूब गया।