आजमगढ़। पटियाला से प्रवासी मजदूरों को लेकर विशेष ट्रेन गुरुवार को आजमगढ़ रेलवे स्टेशन पर पहुंचेगी। इसमें 1200 से अधिक प्रवासी मजदूरों के होने की संभावना जताई जा रही है। सूचना पहुंचते ही रेलवे प्रशासन तैयारियों में जुट गया है। वहीं स्वास्थ्य महकमा भी आने वाले लोगों की स्टेशन पर ही जांच कराने के लिए टीम बनाने की कवायद में जुटा है। जिलाधिकारी एनपी सिंह ने इसकी पुष्टी की है।
स्टेशन अधीक्षक बाबुराम ने बताया कि रेलवे प्रशासन से बुधवार को दिन में लगभग ढाई बजे यह सूचना मिली कि पटियाला से प्रवासी मजदूरों को लेकर ट्रेन बुधवार को रवाना हो चुकी है। जो गुरुवार को सुबह साढ़े नौ बजे के आसपास आजमगढ़ रेलवे स्टेशन पर पहुंचेगी। मेजवां संवाददाता के अनुसार ट्रेन पटियाला से सहारनपुर, मुरादाबाद, बरेली, लखनऊ, फैजाबाद , शाहगंज होते हुए बृहस्पतिवार आजमगढ़ रेलवे स्टेशन पर पहुंचेगी। यह ट्रेन एक विशेष श्रमिक ट्रेन है। जिसका ठहराव पटियाला से चलने के बाद सीधे आजमगढ़ स्टेशन पर ही होगा। सूचना के बाद स्टेशन पर तैयारियां जोरशोर से शुरू कर दी गई है। स्टेशन मास्टर के नेतृत्व में पूरे प्लेटफार्म पर सोशल डिस्टेंसिंग का अनुपालन कराने के लिए गोल घेरे बनाए जा रहे है। सीएमओ डॉ. एके मिश्रा ने बताया कि स्टेशन पर ही सभी मरीजों की थर्मल स्कैनिंग कराई जाएगी और डाटा एकत्र किया जाएगा। इसके पश्चात सामान्य लोगों का होम क्वारंटीन कराया जाएगा तथा यदि कोई संदिग्ध मिलता है तो उसे स्कूल अथवा अस्पताल क्वारंटीन कर सैंपल जांच के लिए भेजा जाएगा। इसके लिए कुल 15 टीमे बनाई जा रही है। प्रत्येक टीम में तीन से चार लोग रहेंगे। ट्रेन से यदि कोई दूसरे जिले का प्रवासी मजदूर भी आया होगा तो उसे बस के माध्यम से उसके जिले में भेजने की व्यवस्था रेलवे स्टेशन से ही कर दी जाएगी।

प्रवासी मजदूरों आगमन को लेकर रेलवे स्टेशन पर तैयारी का निरीक्षण करते सीओ सिटी इलामारन और की गई तै- फोटो : AZAMGARH

प्रवासी मजदूरों आगमन को लेकर रेलवे स्टेशन पर तैयारी का निरीक्षण करते सीओ सिटी इलामारन और की गई तै- फोटो : AZAMGARH