तीन पशु तस्कर अरेस्ट: डीसीएम में मिले 18 जानवर, आवाज न करें इसलिए बांध दिया था मुंह, ऐसे खुली पोल; FIR
उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में पुलिस ने एक डीसीएम को पकड़ा है। तीन तस्कर इसमें 18 जानवर लादकर ले जा रहे थे। आवाज न हो इसलिए सभी जानवरों के मुंह बांध दिए गए थे। तस्करों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
विस्तार
आजमगढ़ के अतरौलिया थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पशु तस्करी के प्रयास को नाकाम कर दिया। मुखबिर की सूचना पर केशवपुर पुल के पास की गई घेराबंदी में पुलिस ने एक डीसीएम वाहन को रोककर उसमें लदी दो भैंस और 16 पड़ियों को बरामद किया। वाहन में जानवरों के मुंह और पैर रस्सियों से बंधे थे। वे तेज गर्मी में बुरी हालत में मिले।
गश्त पर निकली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक रामनिहाल वर्मा, कांस्टेबल सर्वेश यादव और कांस्टेबल कमाल अंसारी शामिल थे। सूचना पर कार्रवाई करते हुए जब डीसीएम को रोका गया, तो चालक गाड़ी छोड़कर भागने की कोशिश करने लगा।
पुलिस ने तत्काल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार लोगों में राकेश यादव निवासी शाहजहांपुर, अयोध्या, ताजुद्दीन और टिंकू अहमद दोनों निवासी नगरोपार, मोहम्मदाबाद गोहना, मऊ शामिल हैं।
कार्रवाई से हड़कंप
आरोपियों से जब पशुओं से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे गए तो वे नहीं दिखा सके। पुलिस ने डीसीएम सहित सभी जानवरों को कब्जे में लेकर पशु चिकित्साधिकारी से मेडिकल परीक्षण कराया। साथ ही गाड़ी के खिलाफ धारा 207 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है।
एसपी यातायात विवेक त्रिपाठी ने कहा कि त्योहारों को देखते हुए पूरे जिले में चेकिंग अभियान तेज कर दिया गया है। पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही यह जांच जारी है कि तस्करी के लिए जानवर कहां से लाए गए थे और इन्हें कहां ले जाया जा रहा था। तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है।