फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Azamgarh News ›   Nine people died in accidents Student drowned in Saryu young man died electric shock laborer hanged

आजमगढ़ में नौ लोगों की मौत: सरयू में डूबी छात्रा, करंट से थम गई युवक की सांस, मजदूर ने लगाया फंदा; जानें हादसे

Wed, 11 Jun 2025 08:08 PM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, आजमगढ़।
अमर उजाला नेटवर्क, आजमगढ़। Published by: अमन विश्वकर्मा Updated Wed, 11 Jun 2025 08:08 PM IST
सार

Azamgarh News: उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में विभिन्न हादसों में नौ लोगों ने अपनी जान गंवा दी। सूचना पाकर माैके पर पुलिस पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कुछ मामलों में रपट दर्ज करने के बाद कार्रवाई शुरू कर दी गई है। एक हादसा हरियाणा के पलवल जिले में हुआ है।

विज्ञापन
Nine people died in accidents Student drowned in Saryu young man died electric shock laborer hanged
विपुल और कृष्णा की फाइल फोटो। - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

UP Accident News: महराजगंज के गंगापुर घाट पर सरयू नदी में बुधवार को दाह संस्कार के बाद स्नान कर रहे चार युवक अचानक गहरे पानी में चले गए। लोगों ने तीन युवकों को तो किसी तरह बचा लिया, लेकिन विपुल की डूबने से मौत हो गई। दो घंटे की मशक्कत के बाद उसका शव नदी से बाहर निकाला गया। थानाध्यक्ष महराजगंज विनय कुमार मिश्रा ने बताया कि अराजी अमानी गांव निवासी लक्ष्मी की बेटी रतुला का निधन हो गया था। लोग उनका दाह संस्कार करने गंगापुर घाट पर गए थे। 

विज्ञापन


अंतिम संस्कार के बाद गांव के चार युवक नदी में स्नान करते समय गहरे पानी में चले गए। लोगों ने जीतन, वीरेंद्र और संदीप को बचा लिया, लेकिन विपुल (18) गहरे पानी में डूब गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। बताया कि विपुल छह भाई-बहनों में सबसे छोटा था और वह कक्षा आठ का छात्र था।

विज्ञापन

डीजे वाहन से टकराई बाइक, भतीजे की मौत, फूफा घायल
आजमगढ़ जिले के दीदारगंज थाना क्षेत्र के जैगहा मोड़ के पास मंगलवार की रात डीजे वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। वहीं उसके फूफा घायल हो गए। दोनों बाइक से सामान लेने के लिए बाजार जा रहे थे। मौत की सूचना मिलने पर परिवार में कोहराम मच गया। 

स्थानीय लोगों ने बताया कि दीदारगंज थाना क्षेत्र के सुघरपुर निवासी अभिषेक राजभर (24) के बड़े भाई की 10 दिन पूर्व शादी हुई थी। कन्या पक्ष के लोग बुधवार को चौथ लेकर आने वाले थे। इसकी तैयारी में अभिषेक अपने फूफा प्रमोद राजभर (45) निवासी बनगांव थाना दीदारगंज के साथ मंगलवार की रात सामान लेने के लिए बाजार जा रहा था। 

जैगहा मोड़ के पास ओवरटेक करने के चक्कर में उसकी बाइक डीजे वाहन से टकरा गई। इससें दोनों लोग घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें मार्टीनगंज सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टर ने अभिषेक राजभर को मृत घोषित कर दिया। प्रमोद राजभर की हालत गंभीर देख रेफर कर दिया। प्रमोद को जौनपुर में भर्ती कराया गया है।

शटरिंग के दौरान करंट की चपेट में आने से युवक की मौत
महाराजगंज थाना क्षेत्र के नौबरार देवाराजजीद किता प्रथम रतत का पुरवा गांव में मंगलवार की शाम करंट की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। थानाध्यक्ष विनय प्रकाश मिश्र ने बताया कि गांव निवासी राजेश कुमार (30) मंगलवार को अपने मकान में शटरिंग कार्य करवा रहे थे। इसी दौरान वह करंट की चपेट में आ गए और गंभीर रूप से झुलस गए। 

परिजन आनन-फानन में उन्हें महाराजगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजनों के अनुसार राजेश कुमार की पत्नी का निधन करीब छह माह पूर्व ही हो चुका है। उनकी एक पुत्री है। चार भाइयों में वह तीसरे नंबर पर थे। घटना की जानकारी मिली है। जांच की जा रही है। 

विज्ञापन

Nine people died in accidents Student drowned in Saryu young man died electric shock laborer hanged
माैके पर माैजूद पुलिस और भीड़। - फोटो : अमर उजाला

पीओपी कारीगर ने फंदा लगाकर दी जान
अहरौला थाना क्षेत्र के डाही बढ़यापार गांव में बुधवार को पीओपी कारीगर ने घर के पीछे शीशम के पेड़ से रस्सी के सहारे फंदे से लटक कर खुदकुशी कर ली। आसपास के लोगों ने शोर मचाया तो परिजनों को घटना की जानकारी हुई। सूचना पर पहुंची अहरौला थाने की पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम में भेज दिया।

पिता तिलक निषाद के मुताबिक डाही बढयापार गांव निवासी श्रीकृष्णा (26) चार भाइयों में सबसे छोटा था। बड़े भाई की कोरोना काल में ही मौत हो गई थी। तीन भाई अलग-अलग जनपदों में पीओपी का काम करते थे। श्रीकृष्णा वाराणसी में रह कर पीओपी का काम करता था। बीते मंगलवार को रात में ही घर आया था।

सुबह नौ बजे श्रीकृष्णा के पेड़ से लटकने की सूचना मिली। श्रीकृष्णा अविवाहित था। खुदकुशी का कोई कारण सामने नहीं आया है। थानाध्यक्ष अहरौला प्रदीप कुमार ने बताया कि फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची थी। मौत के कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद चलेगा।

इलाज के दौरान पीएसी जवान की मौत
अंबेडकर नगर जिले के जलालपुर थाना क्षेत्र के ओसरहा गांव निवासी पीएसी जवान आदेश कुमार यादव की (44) बुधवार की भोर लगभग 5.00 बजे इलाज के दौरान मौत हो गई। पीएसी जवान पवई थाना सज्जोपट्टी गांव में मकान बना कर रहते थे। छह माह से बीमार चल रहे थे। वह 2003 में पीएसी में भर्ती हुए थे। वह एक पुत्र तीन पुत्री के पिता थे।

चाय पीने घर से निकले वृद्ध की हादसे में मौत
घर से चाय पीने के लिए कोटिला बाजार जा रहे वृद्ध को बाइक सवार बुधवार की सुबह धक्का मारकर फरार हो गया। वृद्ध की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

घर वालों के अनुसार, फिरोज अहमद (80) मलिकशाहपुर के रहने वाले थे। बुधवार की सुबह लगभग साढ़े छह बजे वह कोटिला बाजार पैदल ही चाय पीने के लिए निकले। वह बाजार पहुंचे ही थे कि किसी बाइक सवार ने धक्का मार दिया। इस घटना में फिरोज गंभीर रूप से घायल हो गए। 

लोग उन्हें अस्पताल ले जाने की व्यवस्था कर रहे थे कि उनकी मौत हो गई। बाजार के लोगों ने घटना की सूचना परिजनों को दी। मृतक के तीन पुत्र और चार पुत्रियां हैं। पुलिस ने परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर बाइक सवार की तलाश शुरू कर दी।

इस संबंध में थानाध्यक्ष सुनील कुमार सिंह ने बताया कि घटना स्थल पर मौजूद लोगों और दुकानों पर लगे सीसी टीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। इससे अज्ञात बाइक सवार की धड़पकड़ की जा सके। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

सड़क हादसों में एक की मौत, दो गंभीर रूप से घायल
हरियाणा के पलवल जिले में सड़क हादसों की रफ्तार थमने का नाम नहीं ले रही है। गदपुरी थाना क्षेत्र और कैंप थाना क्षेत्र में तीन अलग-अलग घटनाओं में एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी मामलों में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने की पुष्टि हुई है। पुलिस ने अलग-अलग मामलों में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

9 जून को बघौला से पृथला जा रहे आजमगढ़ (यूपी) निवासी मजदूर अजहर हुसैन को एक अज्ञात वाहन ने मीरापुर के पास पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वह बघौला स्थित एक प्राइवेट कंपनी में 4 साल से कार्यरत थे। सूचना पर उनके पिता जयारत हुसैन पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। वहीं, गदपुरी थाना क्षेत्र में बघौला पावर हाउस के पास 8 जून को दोपहर एक बजे तेज रफ्तार कार ने एक बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। 

बाइक पर फरीदाबाद के सीकरी निवासी विख्यात अपनी मां पुष्पा के साथ पलवल से लौट रहा था। टक्कर से दोनों सड़क पर गिर गए। मां पुष्पा को सिर और सीने में गंभीर चोटें आईं। आरोपी कुलदीप ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन गंभीर हालत देखकर वह मौके से भाग गया। पुष्पा को निजी अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है।

5 जून की रात करीब 12:30 बजे सेक्टर-2 अंडरपास के पास एक कार ने नितेश नामक युवक को रॉन्ग साइड से टक्कर मार दी। नितेश बाइक से सोहना से गांव जवां लौट रहा था। हादसे में उसका एक हाथ टूट गया, पसलियों में गंभीर चोट आई और सिर पर टांके लगे। घायल को पहले पलवल और फिर निजी अस्पताल में फरीदाबाद रेफर किया गया। तीनों मामलों में आरोपी वाहन चालक या तो भाग गए या उनकी पहचान पूरी तरह नहीं हो पाई है। पुलिस ने संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

छत से गिरा युवक, मौत
अहरौला थाना क्षेत्र के नगर पंचायत माहुल स्थित वार्ड नंबर 09 सुबास चंद्र बोस नगर में बुधवार की सुबह छत से गिरकर युवक की मौत हो गई। उसकी पहचान आदिल कुरैशी निवासी मंजीरपट्टी, थाना सरायमीर के रूप में हुई है। वह वर्तमान में माहुल कस्बे में स्थित अपने ननिहाल में रह रहा था और हाल ही में वार्ड नंबर 09 में नया मकान बनवाकर अकेले रह रहा था।

बताया जा रहा है कि बुधवार तड़के वह किसी कारणवश मकान की छत से नीचे गिर पड़ा, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। गश्त कर रहे सिपाहियों ने जब युवक को मकान के सामने गिरा देखा तो तत्काल इसकी सूचना उसके नाना समसुद्दीन कुरैशी उर्फ बेचन को दी। दोपहर में जब मृतक की मां रुबीना उसे देखने घर पहुंची तो वह एक कमरे में मृत अवस्था में पड़ा मिला। बेटे को मृत देखकर मां बदहवास हो गई और उसकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए।

घटना की जानकारी मिलते ही अहरौला थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार व माहुल चौकी प्रभारी सुधीर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाने की तैयारी करने लगे। हालांकि, परिजनों और कस्बेवासियों ने पोस्टमार्टम कराने से साफ इनकार कर दिया।

इसके बाद चेयरमैन लियाकत अली और नगरवासियों के लिखित आश्वासन के बाद पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और शव को अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया। बाद में परिजनों ने नगर पंचायत कार्यालय के सामने स्थित कब्रिस्तान में मृतक का अंतिम संस्कार कर दिया।

संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता ने लगाई फांसी
बरदह थाना क्षेत्र के जगदीशपुर सोहौली गांव में बुधवार की शाम 5 बजे ए विवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और जांच में जुट गई।

35 वर्षीय विवाहिता आकांक्षा राय, पत्नी आदेश राय, ने अपने कमरे में दुपट्टे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के समय आकांक्षा ने कमरे के दोनों दरवाजे अंदर से बंद कर लिए थे।

घटना के समय घर पर मौजूद आकांक्षा की सास शारदा राय, ननद अनिता और 5 वर्षीय बेटी नित्या घर के बाहर बैठे थे। शाम को जब आकांक्षा को बुलाने पर दरवाजा नहीं खुला, तो परिजनों ने पड़ोसियों को बुलाया। खिड़की से झांकने पर सभी सन्न रह गए, क्योंकि आकांक्षा कमरे में लगे रोशनदान से दुपट्टे के सहारे फांसी पर लटकी हुई थीं।

सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य एकत्र किए। बरदह थाना प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की गहन जांच की जा रही है। 

वहीं आकांक्षा के मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि आकांक्षा को ससुराल में प्रताड़ित किया जा रहा था। इसके कारण उसने यह कदम उठाया। आकांक्षा का पति आदेश राय जौनपुर के सतहरिया में निजी काम करता है और घटना के समय घर पर मौजूद नहीं था। इस घटना से गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। आकांक्षा की 5 वर्षीय बेटी और परिवार के अन्य सदस्य सदमे में हैं। थाना प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मायके पक्ष की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed