सरायमीर। निजामाबाद तहसील क्षेत्र के निकामुद्दीनपुर गांव स्थित राधा कृष्ण मंदिर की भूमि पर कुछ लोगों ने अवैध रुप से कब्जा किया हुआ था। मामला कोर्ट में चल रहा था। कोर्ट ने अवैध कब्जा हटवाने का निर्देश दिया। जिसके अनुपालन में एसडीएम निजामाबाद रविवार को जेसीबी व मय फोर्स मौके पर पहुंचे और मंदिर की भूमि पर हुए अवैध कब्जे को हटवा दिया।
निकामुद्दीनपुर गांव स्थित राधा कृष्ण मंदिर की भूमि पर अवैध कब्जे का मामला कोर्ट में काफी दिनों से चल रहा था। कोर्ट से अवैध कब्जा हटवाने का आदेश होने पर एसडीएम निजामाबाद राजीव रतन सिंह मय फोर्स व जेसीबी मौके पर पहुंच गए और मंदिर की भूमि पर हुए अवैध निर्माण को ढहवा दिया। इसके साथ ही मंदिर की जमीन का कब्जा मंदिर प्रबंध समिति को दिला दिया गया। गांव निवासी ढुनमुन मौर्या पुत्र चंदौली मौर्या ने अपनी आबादी की 40 कड़ी जमीन राधा कृष्ण मंदिर समिति के प्रबंधक मिठाई लाल मौर्य के नाम अक्तूबर 2016 में हिब्बानामा कर दिया था। उक्त भूमि पर पहले मुकदमा चल चुका है, जिसमें ढुनमुन की डिग्री भी हो चुकी है। द्वितीय पक्ष ने हाईकोर्ट में सेकेंड अपील किया, जो खारिज कर दिया गया। वहीं एक और पक्ष अरविंद व राधेश्याम का कहना है कि मेरा मुकदमा दीवानी न्यायालय में विचाराधीन है, जिसमें 21 जनवरी 2021 की तारीख नियत है। वहीं एसडीएम राजीव रतन ने बताया कि भूमि मंदिर के नाम थी, जिसे खाली करा कर प्रबंध समिति को कब्जा करा दिया गया है। विपक्षी कोर्ट से हार चुके है और कोर्ट के आदेश के तहत ही अवैध कब्जा हटवाया गया है।