आजमगढ़: सराफा व्यवसायी से हुई लूट का खुलासा, एक गिरफ्तार, जेवर और बाइक के साथ तमंचा बरामद
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आजमगढ़ जिले के बरदह थाना क्षेत्र में पांच दिसंबर को बाइक सवार सराफा दंपती को आतंकित कर दो बाइक सवार चार बदमाशों ने लाखों के जेवरात लूट लिए थे। घटना के समय बाइक सवार सराफा दंपती जौनपुर के सरायख्वाजा थाना अंतर्गत भदेठी बाजार स्थित अपनी दुकान पर जा रहे थे। इस घटना का गुरुवार को पुलिस ने खुलासा कर दिया और लूट के जेवरात के अलावा बाइक व तमंचा के साथ एक बदमाश को गिरफ्तार कर लिया।
दीदारगंज थाना क्षेत्र के भादों गांव निवासी सतीश सेठ पुत्र रामदुलार सराफा कारोबारी है। उसकी जौनपुर के सरायख्वाजा थाना के भदेठी बाजार में सराफा की दुकान है। पांच दिसंबर 2021 को वह बाइक से अपनी पत्नी दो बच्चों व लाखों के जेवरात लेकर दुकान पर जा रहा था।
इसी दौरान जौनपुर बार्डर पर बरदह थाना अंतर्गत सैय्यद बहाऊद्दीनपुर गांव के पास दो बाइक सवार चार बदमाशों ने उसे ओवरटेक कर रोक लिया। तमंचे से आतंकित कर जेवरात भरे बैग छीनने लगे। इस दौरान बच्चे रोने लगे तो बदमाशों ने उन्हें सड़क किनारे स्थित खेत में उठा कर फेक दिया। इसके बाद लाखों के जेवरात लूट कर फरार हो गए थे।
घटना के बाबत पीड़ित ने चार अज्ञात के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कराया था। एसपी सिटी शैलेंद्र लाल ने बताया कि बरदह थाना पुलिस बुधवार की रात बरौना बाजार में वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर बर्रा तिराहे पर घेराबंदी कर पुलिस ने बाइक सवार एक बदमाश को पकड़ लिया।
तलाशी लेने पर उसके पास से तमंचा, कारतूस के साथ ही 1.75 लाख रुपये लूट के जेवरात व लूट की घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद किया। पूछताछ में पकड़े गए अभियुक्त ने अपना नाम लोढ़ा उर्फ समीर पुत्र आजाद निवासी कयार थाना सरायख्वाजा जिला जौनपुर बताया। एसपी सिटी ने बताया कि लोढ़ा के अन्य साथियों की तलाश में पुलिस जुटी है, उन्हें भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।