विकास खंड पवई कार्यालय पर दूसरे दिन शनिवार को प्रधान संघ के जिला अध्यक्ष मोहम्मद नैभर आजम की अध्यक्षता में धरना जारी रहा। खंड विकास अधिकारी द्वारा रजाकपुर गांव के ग्राम प्रधान के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के लिए पवई थाने में प्रार्थना पत्र दिए जाने से ग्राम प्रधान संघ के सदस्यों में नाराजगी है। ग्राम प्रधानों ने प्रार्थना पत्र देने वाले खंड विकास अधिकारी के विरोध में शनिवार को भी ब्लॉक मुख्यालय पर प्रदर्शन व नारेबाजी किया।
इस दौरान सभी प्रधान व रोजगार सेवक एवं तकनीकी सहायक उपस्थित रहे। प्रधान संघ के अध्यक्ष रामचंद्र यादव व ग्राम पंचायत अधिकारी संघ के जिलाध्यक्ष शान्तिशरण सिंह द्वारा यह निर्णय लिया गया कि यदि खंड विकास अधिकारी द्वारा दिया गया प्रार्थना पत्र वापस नहीं लिया गया तो 27 फरवरी को समस्त प्रधान, सचिव, तकनीकी सहायक व समस्त रोजगार सेवक जिला मुख्यालय पर उपस्थित होकर एक दिवसीय सांकेतिक धरना-प्रदर्शन करते हुए जिलाधिकारी को ज्ञापन देंगे। चेतावनी दी कि यदि हमारी मांगों पर सहानुभूति पूर्वक विचार करते हुए तीन दिवस में निर्णय नहीं लिया गया तो समस्त प्रधान प्रधान संघ के बैनर तले कार्य बहिष्कार करते हुए अनिश्चित कालीन धरना प्रदर्शन के लिए बाध्य होगें। इस मौके पर प्रधान प्रमोद कुमार यादव, प्रेम प्रकाश यादव, राहुल चौरसिया, सुरेश कुमार यादव, कमला मौर्य, रंजीत पाठक, बबिता सिंह आदि उपस्थित रहे।