Azamgarh News: डीएलएड परीक्षा में नकल कराने वाले प्रबंधक, प्रधानाचार्य सहित 13 के खिलाफ FIR, कई निलंबित
आजमगढ़ जिले में डीएलएड परीक्षा में नकर कराने के मामले में पुलिस ने एक्शन लिया है। नकल कराने वाले प्रबंधक, प्रधानाचार्य सहित 13 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। साथ ही प्रधानाचार्य, छह शिक्षक और चतुर्थ श्रेणी के एक कर्मचारी को निलंबित किया गया।
विस्तार
डीएलएड परीक्षा में नकल कराते पकड़े गए प्रबंधक, प्रधानाचार्य समेत 13 लोगों पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। डीआईओएस ने भी प्रधानाचार्य समेत आठ शिक्षकों- कर्मचारियों को निलंबित कर दिया है। परीक्षा केंद्र डीबार करने की संस्तुति की है।
संयुक्त पुलिस टीम ने मंगलवार को डीएलएड की परीक्षा के दौरान रानी की सराय थानाक्षेत्र के राजेंद्र स्मारक इंटर कॉलेज सेठवल में छापा मारा था। इस दौरान 13 लोग नकल कराते पकड़े गए थे।
इसमें चार बाहरी लोगों के अलावा प्रबंधक रवि मिश्रा, प्रधानाचार्य समेत नौ शिक्षक- कर्मचारी शामिल हैं। इस मामले में डीआईओएस ने प्रधानाचार्य, छह शिक्षकों और चतुर्थ श्रेणी के एक कर्मचारी को निलंबित कर दिया।
अधिकारी बोले
डीएलएड परीक्षा में नकल कराते हुए कुल 12 लोग पकड़े गए थे। इसके अलावा प्रबंधक का भी नाम सामने आया तो उसके खिलाफ भी मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया। मामले की जांच की जा रही है। दोषी के खिलाफ कार्रवाई होगी। -गौरव शर्मा, सीओ सिटी
डीआईओएस ने पहले ही दी थी चेतावनी
राजेंद्र स्मारक इंटर कॉलेज सेठवल, रानी की सराय में डीएलएड की परीक्षा में नकल कराने के एवज में सुविधा शुल्क मांगे जाने की शिकायत डीआईओएस विरेंद्र प्रताप सिंह से की गई थी। इस पर डीआईओएस ने स्कूल को पत्र जारी कर चेतावनी दी थी। साथ ही निरीक्षण भी किया था। डीआईओएस के नोटिस जारी कर विद्यालय प्रबंधक को शुचिता के साथ परीक्षा कराने के लिए निर्देश दिए थे।
शिकायत पर दो-दो बार एसडीएम समेत अन्य अधिकारी कर चुके थे निरीक्षण
राजेंद्र स्मार इंटर कॉलेज में नकल कराने व अवैध वसूली करने का आरोप एबीवीपी के पदाधिकारियों ने लगाया था। शिकायत मिलने पर स्कूल में दो वार एसडीएम समेत अन्य अफसर निरीक्षण करने पहुंचे लेकिन उन्हें कोई कमी नजर नहीं आई।