यूपी: 'मुलायम नहीं योगी की सरकार है, इसमें घर गिराना आसान है', पीड़ित ने एसपी से लगाई न्याय की गुहार
मामला आजमगढ़ जिले के निजामाबाद थाना क्षेत्र के त्रिमुहानी गांव का है। एक बीडीसी सदस्य ने आरोप लगाया कि उसके पड़ोसी के कहने पर एक सिपाही ने फोन कर धमकाया। साथ ही फर्जी मुकदमे में फंसाकर घर गिराने की धमकी दी है।
विस्तार
रहिए सतर्क आजमगढ़ पुलिस हो गई है बेलगाम, ज्यादा उछले तो लगा देंगे गैंगेस्टर और गिरा देंगे घर। यह हम नहीं कर रहे बल्कि निजामाबाद थाने पर तैनात एक सिपाही बीडीसी सदस्य को फोन कर कह रहा है। सिपाही व बीडीसी के बीच बातचीत का ऑडियो वायरल हो रहा है। पीड़ित ने भी सोमवार को एसपी से मिलकर न्याय की गुहार लगाई है। शिकायती पत्र में उसने सिपाही के साथ ही पड़ोसी पर घर में घुसकर लूटपाट करने व महिलाओं के साथ छेड़खानी का भी आरोप लगाया है।
मामला निजामाबाद थाना क्षेत्र के त्रिमुहानी गांव का है। गांव निवासी श्रवण यादव पुत्र दयाराम यादव बीडीसी सदस्य है। आरोप है कि 23 जुलाई को पड़ोसी ने उससे रंगदारी मांगी। न देने पर उसकी शह पर निजामाबाद थाने के सिपाही मनोज शर्मा ने श्रवण को फोन किया। जिसमें उसने कहा कि मुलायम नहीं वर्तमान में योगी की सरकार है। इसमें घर गिराना आसान है।
ज्यादा उछलोगे तो फर्जी मुकदमा में फंसा देंगे। फिर गैंगस्टर भी लगा देंगे। दुर्गा-रमाकांत कुछ नहीं कर पाएंगे। आरोप है कि मोबाइल पर फोन करने के बाद देर रात करीब 12 बजे सिपाही अपने कुछ अन्य साथियों के साथ गांव में पहुंच गया और पड़ोसी की मदद से उसके घर पर चढ़ गया। जबरन दरवाजा तोड़कर सभी घर के अंदर घुस गए और लूटपाट की।
आरोप है कि इस दौरान महिलाओं ने विरोध किया तो उनके साथ छेड़खानी की। फिर बीडीसी को पकड़ कर थाने लाकर लॉकअप में बैठा दिया गया। एक दिन थाने पर बैठाए रखने के बाद बीडीसी श्रवण यादव को पुलिस ने छोड़ दिया। सोमवार को श्रवण परिजनों के साथ एसपी कार्यालय पहुंचा और शिकायती पत्रक देकर न्याय की गुहार लगाई।
पीड़ित का कहना था कि पड़ोसी रंगदारी मांग रहे थे और वह नहीं दे रहा था, जिस पर सिपाही मनोज शर्मा की मदद से उसके घर में लूटपाट व महिलाओं संग छेड़खानी की गई। इतना ही नहीं इस घटना के पूर्व सिपाही मनोज शर्मा ने फोन कर फर्जी मुकदमें में फंसाने व घर गिराने की धमकी तक दे डाली। जिसका ऑडियो रिकॉर्डिंग भी उसके पास मौजूद है।
निजामाबाद थाने के प्रभारी निरीक्षक शिवशंकर सिंह ने बताया कि 23 जुलाई को बीडीसी का पड़ोसी से विवाद हुआ था, शिकायत मिलने पर पुलिस मौके पर गई थी। जहां तक सिपाही के धमकाने का ऑडियो वायरल होने की बात है तो अगर शिकायत मिलेगी तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधीक्षक से शिकायत होने की हमें जानकारी नहीं है। घटना वाले दिन ही थाने पर समझौता करा दिया गया था।