मेंहनगर। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव से पहले मतदाता सूची में बड़ी गड़बड़ी सामने आई है। तरवां के बांसगांव में वर्तमान ग्राम प्रधान सहित करीब 500 मतदाताओं के नाम सूची से गायब हो गए हैं। ग्रामीणों ने एसडीएम मेंहनगर को शिकायत प्रार्थना पत्र सौंपा है। ग्रामीणों ने अंतिम मतदाता सूची का अवलोकन करने के बाद शिकायत दर्ज कराई है।
गांव निवासी नीरज कुमार सिंह और अंबिका यादव के नेतृत्व में दर्जनों ग्रामीण एसडीएम से मिले। उन्होंने बताया कि सर्वे के दौरान फॉर्म भरते समय सभी आवश्यक अभिलेख बूथ लेवल अधिकारी को सौंपे गए थे। बावजूद इसके अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन के दौरान नाम हटा दिए गए। अलग-अलग भाग संख्या के लगभग 500 मतदाताओं के नाम सूची से गायब पाए गए हैं। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि यह बूथ लेवल अधिकारी की लापरवाही या संलिप्तता का परिणाम है। ज्ञापन में बूथ लेवल अधिकारी की संलिप्तता की जांच करने की मांग की गई है। ग्रामीणों ने उसके विरुद्ध विधिक कार्रवाई करने और सूची से गायब सभी मतदाताओं के नाम तत्काल जोड़ने की मांग की। एसडीएम भूपाल सिंह ने मामले को गंभीरता से लिया है। उन्होंने तहसीलदार को इस प्रकरण की स्वयं जांच करने के निर्देश दिए। तहसीलदार को जांच के बाद आख्या प्रस्तुत करने को कहा गया है। इस दौरान लालमणि सिंह, बृजेश सिंह, चंद्रकला देवी, केदार रवि श्रीवास्तव और संगीता देवी सहित कई लोग उपस्थित थे।