अहरौला। क्षेत्र के राजकीय महिला महाविद्यालय समदी की विज्ञान वर्ग की अंतिम वर्ष की छात्रा रूपाली पाठक ने सुहेलदेव विश्वविद्यालय, आजमगढ़ में विज्ञान वर्ग में टॉप कर प्रथम स्थान प्राप्त किया है। बृहस्पतिवार को विधायक डॉ. संग्राम यादव ने गोपालगंज देवरिया पहुंच रूपाली को शाल और नकद धनराशि देकर सम्मानित किया।
विश्वविद्यालय में आयोजित दीक्षांत समारोह में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने रूपाली पाठक को गोल्ड मेडल प्रदान कर सम्मानित किया था। रूपाली पाठक मुकेश पाठक की पुत्री हैं, जो वर्तमान में जौनपुर के एक महाविद्यालय में सहायक प्राध्यापक हैं। रूपाली ने कहा कि उनका लक्ष्य सिविल सेवा में चयन प्राप्त करना है। फिलहाल उन्होंने बीएचयू में एमएससी में प्रवेश लेकर उच्च शिक्षा प्राप्ति की राह शुरू कर दी है। समारोह में श्याम घर चौबे, अशोक चौबे, प्रमोद पाठक, संजीत आदि उपस्थित रहे।