Azamgarh News: मुख्तार अंसारी के करीबी हरिकेश का 18.62 लाख का मकान कुर्क, तरवांकला हत्याकांड में है वांछित
माफिया मुख्तार अंसारी के खास रहे शातिर अपराधी हरिकेश की अपराध से अर्जित कमाई से पिता के नाम ली गई 18.62 लाख कीमत की संपत्ति रविवार को कुर्क कर ली गई।
विस्तार
माफिया मुख्तार अंसारी के खास रहे शातिर अपराधी हरिकेश की अपराध से अर्जित कमाई से पिता के नाम ली गई 18.62 लाख कीमत की संपत्ति रविवार को कुर्क कर ली गई। जिलाधिकारी के आदेश पर रविवार को पुलिस व प्रशासनिक टीम ने मौके पर पहुंच कर कुर्की की कार्रवाई की। हरिकेश तरवां हत्याकांड वांछित है। गैंगस्टर एक्ट के तहत कुर्की की कार्रवाई की गई है।
तरवां थाना के ऐराकला में 2014 में सड़क ठेके के विवाद में ठेकेदार पर मुख्तार गिरोह के लोगों ने फायरिंग की थी। इस घटना में ठेकेदार तो बाल-बाल बच गया था लेकिन दो मजदूर घायल हो गए थे। जिसमें एक मजदूर राम इकबाल की इलाज के दौरान मौत हो गई थी।
इस मामले में तरवां थाने में मुख्तार समेत उसके 11 सहयोगियों के खिलाफ केस दर्ज हुआ था। बाद में इन पर गैंगेस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई करते हुए मुकदमा पंजीकृत कराया गया। मामले में मुख्तार के सहयोगी जहानागंज थाना क्षेत्र के मोहासिल गांव निवासी शातिर अपराधी हरिकेश यादव पुत्र फूलचंद भी वांछित था।
एसपी अनुराग आर्य ने बताया कि गैंगेस्टर एक्ट की विवेचना के दौरान यह ज्ञात हुआ कि हरिकेश ने अपराध से अर्जित कमाई से अपने पिता के नाम गाटा संख्या 49 रकबा 0.011 हेक्टर क्रय किया था। जिस पर भवन भी निर्मित है। तरवां पुलिस की संस्तुति पर उक्त संपत्ति को कुर्क करने के लिए डीएम को पत्र लिखा गया।
जिलाधिकारी ने 11 जून को उक्त संपत्ति को कुर्क करने का आदेश हुआ था। इसकी अनुमानित कीमत 18.60 लाख रुपये आंकी गई है। डीएम के निर्देश पर रविवार को तहसीलदार सदर व एसओ तरवां की संयुक्त टीम ने हरिकेश के मकान को कुर्क कर लिया। जिलाधिकारी के निर्देशानुसार उक्त भवन पर बोर्ड भी लगा दिया गया है।