Lok Sabha Election: आजमगढ़ में सीएम योगी, बोले- प्रदेश में अपनी नई पहचान बना रहा आजमगढ़, और बेहतर होगा भविष्य
Lok Sabha Election: आजमगढ़ के घिनहापुर (खरियानी) में रविवार को सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपनी चुनावी जनसभा को संबोधित किया। लोकसभा चुनाव को लेकर उनकी इस जनसभा के कई कयास लगाए जा रहे हैं। सदर लोकसभा क्षेत्र के प्रत्याशी दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’ को समर्थन देने के लिए सीएम योगी ने जनता से अपील की। इसके साथ ही उन्होंने सरकारी योजनाओं पर भी अपनी बात रखी।
विस्तार
आजमगढ़ के घिनहापुर (खरियानी) में रविवार को सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपनी चुनावी जनसभा को संबोधित किया। लोकसभा चुनाव को लेकर उनकी इस जनसभा के कई कयास लगाए जा रहे हैं। सदर लोकसभा क्षेत्र के प्रत्याशी दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’ को समर्थन देने के लिए सीएम योगी ने जनता से अपील की। इसके साथ ही उन्होंने सरकारी योजनाओं पर भी अपनी बात रखी। सीएम का कार्यक्रम साढ़े 10 बजे तय था लेकिन कुछ विशेष कारणों से वे कार्यक्रम स्थल पर आधा घंटा देर से पहुंचे।
योगी आदित्यनाथ ने इस दौरान इंडी गठबंधन पर भी जमकर सियासी निशाना साधा। कहा कि देश इनकी सच्चाई को अच्छी तरह जान रहा है। आज के समय में इन परिवारवादियों से सतर्क रहने की जरूरत है। इससे पहले उन्होंने जनसभा में आए सभी लोगों का जयश्री राम का नारा लगाकर अभिवादन किया।
इससे पहले कैबिनेट मंत्री दारा सिंह चौहान ने कहा कि 2017 तक जब कोई नेता आता था तो लोग यह देखते थे कि उसकी गाड़ी में कितनी नाल है। लेकिन अब योगी का खौफ है। किसी गाड़ी में नाल नहीं दिखती।
इसी क्रम में सांसद दिनेश लाल ने कहा कि सपा के लोग कहते हैं कि हमने विकास की ईंट रखी। जांच में पता चला कि एक जेल बनाया है। वह जेल खुद के लिए बनावाया गया है, ताकि परिवार के लोग इन्हें जेल में खाना पहुंचा सकें। कहा कि आजमगढ़ चमकाना है और बच्चों का भविष्य बनाना है तो कमल का बटन जरूर दबाना है।
कहा कि सपा और भाजपा में यहीं अंतर है। पहले जब कहीं भी घटना होती थी तो बरामद कट्टे पर लिखा होता था मेड इन बंहौर आजमगढ़। अब आज इससे इतर काम हो रहा है। भाजपा ने आजमगढ़ को विश्वविद्यालय दिया है, ताकि बच्चे शिक्षित हो सकें।
सीएम ने की निरहुआ की तरीफ
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमें आजमगढ़ को अभी बहुत कुछ देना है, इसे एक औद्योगिक सिटी बनाना है। यह फिल्म सिटी का केंद्र बनेगा, जहां से ढेर सारे निरहुआ और आम्रपाली दुबे निकलेंगे। उन्होंने सपा पर निशाना साधते हुए कहा कि वो लोग यहां पिकनिक मनाने आ रहे हैं और चुनाव बाद घूमने के लिए इंग्लैंड निकल जाएंगे, क्योंकि वो बड़े लोग हैं। आपको अपने बीच का जनप्रतिनिधि चुनना होगा।
सीएम ने वर्तमान सांसद और लोकसभा चुनाव में सांसद प्रत्याशी दिनेश लाल यादव 'निरहुआ' की तरीफ करते हुए कहा कि दो साल में निरहुआ ने आजमगढ़ के लिए जितना कार्य किया है, उतना काम कोई भी जनप्रतिनिधि नहीं कर सकता। सीएम योगी ने कहा कि छठे चरण में आपको देश में सरकार बनाने के लिए अपना प्रतिनिधि चुनकर भेजना है। चार चरणों के चुनाव के रुझान इस बात को बताते हैं कि विपक्ष में मची खलबली, बौखलाहट उनकी हार को स्पष्ट प्रदर्शित करता है।
पूरे देश में एक आवाज आ रही है, एक ही स्वर गूंज रहा है कि फिर एक बार मोदी सरकार और अबकी बार 400 पार। जब 400 पार की बात होती है तो कांग्रेस, सपा, बसपा की हालत खराब होती है। क्योंकि जनता कह रही है कि जो राम को लाए हैं हम उनको लाएंगे।
आजमगढ़ को लोग शक और अविश्वास की नजरों से नहीं देखते
मुख्यमंत्री ने कहा कि पूरे चुनाव को देखें तो ये अब रामभक्तों और रामद्रोहियों के बीच सिमट चुका है। जिन्होंने आपके पहचान पर संकट खड़ा किया था, राष्ट्र की सुरक्षा में सेंध लगाई थी, जिन्होंने हमारे देवस्थलों को अपवित्र बनाने का प्रयास किया, जिन्होंने प्रदेश को आतंक का गढ़ बनाने का प्रयास किया, विकास को बाधित करने का प्रयास किया, ये चुनाव उन्हें जवाब देने का सर्वोत्तम माध्यम है।
निरहुआ ने मात्र दो साल में आजमगढ़ की तस्वीर और तकदीर बदलने का प्रयास किया है। यहां दो लेन और फोर कनेक्टिविटी हो चुकी है, महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्याल बन गया है, संगीत महाविद्यालय का निर्माण हो रहा है, एयरपोर्ट भी बन चुका है। अब आजमगढ़ को लोग शक और अविश्वास की नजरों से नहीं देखते, बल्कि आजमगढ़ की पहचान भोजपुरी के सुपरस्टार निरहुआ के संसदीय क्षेत्र के रूप में होती है।
सपा के नेता को हर व्यक्ति शक की निगाह से देखता है
योगी ने कहा कि आप देश में कहीं चले जाइए, सपा के नेता को हर व्यक्ति शक की निगाह से देखता है। लोग मानते हैं कि ये शरीफ तो नहीं होगा, जरूर कोई गुंडा बदमाश होगा। सपा के समर्थक की तलाशी शुरू हो जाती है, लोग समझते हैं कि ये कुछ गड़बड़ करने आया होगा। आज आजमगढ़ के लोगों को शक की निगाहों से नहीं देखा जाता।
पहचान का संकट खत्म हो चुका है। मोदीजी ने देश की तकदीर और तस्वीर को बदल करके रख दिया है। भारत को दुनिया में सम्मान मिल रहा है। सुरक्षा की समस्या नहीं है। सीएम ने कहा कि सपा सरकार के समय खाद्यान्न घोटाला होता था, चिकित्सा के आभाव में गरीब दम तोड़ता था, किसान आत्महत्या करता था, नौजवान पलायन करता था, पर्व त्योहार में कर्फ्यू लग जाता था, कोई कमाकर आता था तो लूट लिया जाता था, सपाई गुंडे संपत्ति पर कब्जा कर लेता था। आज बेटी और व्यापारी सुरक्षित है, गरीब को 5 किलो राशन हर माह फ्री मिल रहा है।
इसके बावजूद आज कोई कम्बख्त पाकिस्तान का राग अलाप रहा है तो उसे पाकिस्तान चले जाना चाहिए। आज 80 करोड़ को मोदी जी फ्री राशन दे रहे हैं और पाकिस्तान की 23 करोड़ की जनता भूखों मर रही है। आज हर घर में नल है और उससे शुद्ध आरओ का जल भी बह रहा है। ये सारे कार्य बिना जाति, धर्म, मत मजहब देखे बिना किया गया।
इस अवसर पर प्रदेश में मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय, दारा सिंह चौहान, बीजेपी प्रदेश महामंत्री गोविंद नारायण शुक्ल, क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानंद राय, जिलाध्यक्ष कृष्ण पाल, जिला प्रभारी अशोक सिंह, एमएलसी विक्रांत सिंह सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।
फूलपुर में भी भी जनसभा को किया संबोधित
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.