आजमगढ़। मुबारकपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार की रात इलेक्ट्रानिक-फर्नीचर तो गंभीरपुर में आयरन स्टोर का ताला चटका कर लाखों की नकदी व सामान पर हाथ साफ कर दिया।
अमिलो संवाददाता के अनुसार मुबारकपुर थाना क्षेत्र के बम्हौर गांव निवासी मो. मुसेब की इस्लामपुरा बाजार में इलेक्ट्रानिक-फर्नीचर की दुकान है। शुक्रवार की शाम को भी वह अपनी दुकान बंद कर घर चला गया। रात में चोरों ने दुकान का ताला चटका कर नकदी व सामान पार कर दिया। शनिवार की सुबह स्थानीय व्यक्ति की की नजर टूटे ताले पर पड़ी तो उसने मुसेब को सूचना दिया। वहां पहुंच कर उसने देखा कि गल्ले में से 19 हजार रुपये गायब था। तीन सिलाई मशीन, 6 मिक्सर, 12 इलेक्ट्रानिक प्रेस, 7 पंखे, सीसी टीवी कैमरी की टीवी, डीबीआर आदि गायब थे। घटना के बाबत पीड़ित ने मुबारकपुर थाने पर तहरीर दे दी है। वहीं बिंद्रा बाजार संवाददाता के अनुसार गंभीरपुर थाना क्षेत्र के बिंद्राबाजार कस्बा निवासी विजय विश्वकर्मा की वाराणसी मार्ग पर आयरन स्टोर है। रात में अज्ञात चोर 10 फुट ऊंची बाउंड्री से चढ़ कर अंदर घुसे और मुख्य दरवाजे की कुंडी अंदर से लगा दिया। इसके बाद चोरों ने काउंटर का ताला तोड़ कर 14 हजार नकदी, 70 हजार के लोहा ग्राइंडर व अन्य सामान उठा ले गए। शनिवार की सुबह विजय जब दुकान पर पहुंचा तो मुख्य गेट अंदर से बंद मिला। खिड़की से झांक कर देखने पर अंदर का हाल देख वह सन्न रहा गया। काउंटर बिखरा पड़ा था और अन्य सामान भी फैले हुए थे वहीं अंदर के कमरे का ताला टूटा हुआ था। पुलिस ने घटना के बाबत गंभीरपुर थाने में तहरीर दे दी है। पीड़ित के अनुसार 80 से 85 हजार का माल चोरी हुआ है।