आजमगढ़। नगर के एक प्राइवेट अस्पताल के खिलाफ सोशल मीडिया पर दुष्प्रचार का आरोप लगा आईएमए ने रविवार को फिर प्रेस कांफ्रेंस की। इस दौरान आईएमए ने मामले को लेकर अस्पताल के पक्ष में एकजुटता दिखाई। पूर्व सचिव डा. अशोक सिंह ने कहा कि किसी भी चिकित्सक के साथ इस तरह की हरकत संगठन बर्दाश्त नहीं करेगा। अगर जरूरत पड़ी तो सारे चिकित्सक कार्य ठप कर इसका पुरजोर विरोध करेंगे। आईएमए के अध्यक्ष डा. डीपी राय ने जिला प्रशासन से मांग की कि अस्पताल के खिलाफ दुष्प्रचार करने वालों के खिलाफ विधिक कार्रवाई करें।
कहा कि हम पूरी गाइडलाइन का पालन करते हुए अस्पताल का संचालन कर रहे हैं। हमने नियमों का पालन करते हुए अस्पताल का लाइसेंस भी ले रखा है तो हमारे खिलाफ जांच क्यों? हमारी मांग है कि तत्काल जांच पर रोक लगाई जाए। जो लोग इस समय हम चिकित्सकों का मनोबल तोड़ने का कार्य कर रहे हैं, उनके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाए। अगर जरूरत पड़ी तो हम इसके लिए मुख्यमंत्री, राज्यपाल, राष्ट्रपति तक अपनी आवाज को पहुंचाएंगे। इसके बाद भी जरूरत पड़ी तो हम अपने शीर्ष नेतृत्व के साथ चिकित्सकीय सेवाएं ठप करेंगे। अध्यक्ष डा. डीपी राय ने कहा कि एक अस्पताल के खिलाफ जिस तरह से गिरोहबंदी करके सोशल मीडिया पर दुष्प्रचार किया जा रहा है वह बहुत की गलत है। सोमवार को डीएम से मिलकर सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ विधिक कार्रवाई किए जाने की मांग करेंगे। इस मौके पर डा. फुरकान अहमद, डा. खालिद, डा. सुभाष सिंह, डा. स्वास्ति सिंह, डा. जावेद अख्तर, डा. निर्मल श्रीवास्तव, डा. अभिषेक सिंह आदि उपस्थित थे।