भीषण हादसाः ट्रक की टक्कर से तीन वाहन चकनाचूर, बोलेरो सवार चार लोगों की मौत
तीनों वाहनों में सवार 20 लोग लौट रहे थे तिलकोत्सव से, सात गंभीर रूप से घायल
जहानागंज थाना के सुहवल बाजार के पास रात में हुआ हादसा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आजमगढ़ के जहानागंज आजमगढ़ थाना क्षेत्र के सुहवल बाजार के पास शुक्रवार देर रात सड़क किनारे खड़े तीन चार पहिया वाहन ट्रक के धक्के से चकनाचूर हो गए। हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि सात लोग घायल हैं। घायलों की हालत गंभीर होने से उन्हें वाराणसी रेफर किया गया है। तीनों वाहनों में 20 लोग सवार थे, जो तिलकोत्सव से लौट रहे थे।
मऊ जिले के मोहम्मदाबाद कोतवाली अंतर्गत टेकईपुर गांव निवासी प्रहलाद पांडेय के पुत्र का शुक्रवार को तिलकोत्सव था। गाजीपुर जिले के मरदह थाना क्षेत्र के लहुरापुर गांव निवासी छोटे लाल पांडेय के रिश्तेदार और परिजन तीन वाहनों से तिलक चढ़ाने आए थे। समारोह की समाप्ति के बाद लोग स्कार्पियो, बोलेरो व जाइलो कारों में सवार होकर घर लौट रहे थे।
सुहवल बाजार के पास सड़क के किनारे तीनों वाहनों को खड़ाकर लोग सुस्ताने लगे। कुछ लोग कारों में ही बैठे थे और कुछ नीचे खड़े थे। इसी दौरान चिरैयाकोट की तरफ से आ रहा एक तेज रफ्तार ट्रक तीनों कारों को धक्का मारते हुए निकल गया। जबरदस्त टक्कर से तीनों वाहन चकनाचूर हो गए। वाहनों में सवार उसी में दब गए थे। जिन्हें स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला।
लहुरापुर के दिनेश उर्फ मल्लू शर्मा (21), रामचीज सिंह (75) व सच्चिदा सिंह (59) और मरदह क्षेत्र के भोजापुर के रहने वाले जनार्दन चौहान (45) की मौके पर मौत हो गई। घायल रमाकांत पांडेय, रवि पांडेय, सनी पांडेय, हीरा शर्मा, अजय तिवारी, आगनम खान व हरिकेश पांडेय को जिला अस्पताल भेजा गया। उनकी हालत गंभीर देख कर डाक्टरों ने वाराणसी रेफर कर दिया। पुलिस ने चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। लड़की पक्ष के अनूप मिश्रा निवासी नासिरपुर मिश्रौली थाना चिरैयाकोट ने जहानागंज थाने में ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।