आजमगढ़: मामूली विवाद में तड़तड़ाई गोलियां, ग्रामीणों ने चार को पकड़ कर पीटा, प्रधान समेत 4 गिरफ्तार
आजमगढ़ के पकड़ी गांव में डेढ़ दशक पूर्व भी गोलियां तड़तड़ाई थी। जिसमें छह लोगों की मौत हो गई थी। शुक्रवार की घटना भी उसी तर्ज पर हुई। ग्राम प्रधान और विपक्ष के बीच मामूली बात में गोलीबारी हो गई।
विस्तार
आजमगढ़ के तरवां थाना क्षेत्र का पकड़ी गांव शुक्रवार को दिन में गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंज उठा। मामूली बात को लेकर प्रधान और विपक्षी के बीच विवाद के दौरान प्रधान पक्ष के लोगों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की। जिस पर ग्रामीण एकजुट हो गए और फायरिंग करने वाले चार लोगों को पकड़ लिया और जम कर पिटाई कर दी।
वहीं उनकी तीन बाइकों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। पुलिस ने प्रधान समेत चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़ी गांव में डेढ़ दशक पूर्व भी गोलियां तड़तड़ाई थी। जिसमें छह लोगों की मौत हो गई थी। शुक्रवार की घटना भी उसी तर्ज पर हुई। गांव निवासी रामदरस मिश्रा शुक्रवार को अपने घर पर धान कुटवा रहे थे।
ऐसे शुरू हुआ विवाद
जिसकी भूसी वह घर के सामने रखवा रहे थे। इसी दौरान ग्राम प्रधान मोहन गुप्ता मौके पर पहुंचे तो भूसी हटवाने को कहा। रामदरस ने हटवाने की बात मान ली। इसके बाद भी प्रधान और उसके लोग अपशब्दों का प्रयोग करने लगे। जिसका रामदरस के पुत्रों ने विरोध किया।
इस पर प्रधान पक्ष से उसके भाई व कुछ बाहरी लोग पहुंच गए और उन्होंने असलहा निकाल कर रामदरस व उनके पुत्रों पर फायरिंग शुरू कर दी। उन लोगों ने घर में घुस कर अपनी जान बचाई। इस दौरान ग्रामीण भी मौके पर जुट गए और फायरिंग करने वालों को पकड़ कर उनके असलहे छीन लिया और पिटाई शुरू कर दी।
बाद में मौके पर पहुंची पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया। रामदरश के पुत्र राधेश्याम ने थाने में छह के खिलाफ नामजद तहरीर दी। जिसमें प्रधान मोहन गुप्ता भी शामिल है। पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है और जांच पड़ताल में जुटी है।
पढ़ेंः कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर बोले- जिनका जनाधार घट गया था, वो ही भाजपा छोड़कर गए
एसपी सिटी शैलेंद्र लाल ने कहा कि प्रधान पक्ष के लोगों ने फायरिंग की है। चार लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर छह के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस फरार लोगों की तलाश में जुटी है।
पढ़ेंः सेल्फी के चक्कर में गई जान: आजमगढ़ में ट्रेन से कटकर युवक की मौत, परिजनों में मचा कोहराम