कोतवाली में काउंसिलिंग के दौरान पांचवीं पत्नी को दिया तीन तलाक, गिरफ्तार
- पीड़िता की शिकायत पर जीयनपुर पुलिस ने की गिरफ्तारी
विस्तार
आजमगढ़ जिले के जीयनपुर कोतवाली परिसर में पत्नी को तीन तलाक देने वाले पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के अंजान शहीद गांव निवासी स्व. मोबिन ने अपनी बेटी आरिफा की शादी 2016 में अशरफपुर गांव निवासी सालिम पुत्र आलिम से की थी।
शादी के बाद आरिफा अपनी ससुराल पहुंची तो पता चला कि सालिम पहले ही चार शादियां कर चुका है और सभी को तलाक दे चुका है। कुछ दिन तो सब कुछ ठीक-ठाक चला फिर आरिफा से भी दहेज की मांग होने लगी।
ससुराल वालों की प्रताड़ना से क्षुब्ध होकर आरिफा दो साल पूर्व अपने मायके चली आई। मायके से उसने एसपी से शिकायत की तो जांच जीयनपुर कोतवाली पहुंची। जहां बुधवार को आरिफा के साथ ही उसके पति को भी बुलाया गया। एसओ दोनों की काउंसिलिंग कर रहे थे।
इसी दौरान एसओ किसी काम से बाहर निकले तो थाने में ही सालिम ने अपनी पांचवीं पत्नी आरिफा को तीन तलाक दे दिया। इस मामले में बृहस्पतिवार को आरिफा ने जीयनपुर कोतवाली में तहरीर दी। तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत कर पुलिस ने सालिम को शुक्रवार को मुबारकपुर मोड़ के पास से गिरफ्तार कर लिया।