आजमगढ़: बुलडोजर लेकर दबिश देने पहुंची पुलिस, आरोपी ने खुद थाने आकर किया सरेंडर, कहा-साहब मैं हाजिर हूं
आजमगढ़ जिले में भी अपराधियों को बुलडोजर का डर सताने लगा है। अवैध शराब मामले में फरार आरोपी ने बुलडोजर के डर सोमवार को सरेंडर कर दिया। पुलिस उसके घर पर बुलडोजर लेकर कार्रवाई करने पहुंची थी।
विस्तार
उत्तर प्रदेश में बुलडोजर का खौफ अपराधियों के सिर चढ़कर बोल रहा है। आज आजमगढ़ जिले में बुलडोजर के डर से गैंगस्टर एक्ट में वांछित अपराधी ने बुलडोजर के डर से खुद थाने में आकर सरेंडर कर दिया। थानेदार से कहा कि साहब मैं हाजिर हूं। मेरा घर बुलडोजर से मत गिराइए। मामला बरदह थाने का है।
यूपी में योगी सरकार की दूसरी पारी शुरू होते ही अपराधियों में बुलडोजर का खौफ फिर से दिखने लगा है। अपराधियों के खिलाफ पुलिस एक्शन में है और इसके चलते कई अपराधी बीते दिनों में खुद को थाने में सरेंडर किया है। पिछले कुछ दिनों में कई अपराधियों के तख्ती लटकाकर आत्मसमर्पण करने के लिए थाने में पहुंचने के मामले भी सामने आए हैं।
अवैध शराब मामले में कई माह से था फरार
बरदह थाना क्षेत्र के फतुही गांव निवासी राधेश्याम यादव महीनों से फरार चल रहा था। अवैध शराब की पैकिंग मामले में उस पर गैंगस्टर एक्ट लगा है। कई बार पुलिस हाजिर होने के लिए उसके घर नोटिस दे चुकी थी। इसके बाद भी वह हाजिर नहीं हो रहा था। जिस पर बरदह थाना पुलिस सोमवार सुबह आरोपी के घर पर बुलडोजर लेकर कार्रवाई के लिए पहुंच गई।
बुलडोजर घर पहुंचते ही आरोपी राधेश्याम यादव भाग कर थाने पहुंचा। खुद को यह कहते हुए पुलिस के हवाले कर दिया कि साहब मै हाजिर हो गया हूं। मेरा घर मत गिराइए। फिलहाल पुलिस ने उसका संबंधित धाराओं में चालान कर दिया है और बुलडोजर चलने के पहले ही रूक गया है। बुलडोजर का खौफ अब आजमगढ़ जिले में भी अपराधियों को सताने लगा है।