प्रसठियांव। उप्र किसान महासभा ने किसान नेता इम्तेयाज अहमद वेग के नेतृत्व में शुक्रवार को सठियांव चीनी मिल गेट पर किसानों की समस्याओं को लेकर प्रदर्शन किया। मांगों का ज्ञापन चीनी मिल के प्रधान प्रबंधक के माध्यम से सीएम को सौंपा गया।
कामरेड इम्तियाज बेग ने कहा कि जब से भाजपा की सरकार बनी है तबसे किसानों की स्थिति दयनीय होती जा रही है। किसान इस उम्मीद में था कि अपने गन्ने को बेचकर बच्चों का भविष्य बनाएगा और कृषि ऋण की अदायगी कर लेगा लेकिन चीनी मिल में भ्रष्टाचार के चलते किसानों को पर्चियां नहीं मिल पा रही हैं। गन्ना माफियाओं को पर्चियां उपलब्ध कराई जा रही हैं। किसान अपनी आवश्यकता को पूरा करने के लिए गन्ना माफियाओं के हाथों गन्ना बेचने के लिए मजबूर है। कामरेड खरपत्तू राजभर ने कहा कि मिल गेट और क्रय केंद्रों पर बड़े पैमाने पर गन्ना की घटतौली हो रही है। अगर इस पर रोक नहीं लगाई गई तो भाकपा किसान सभा के साथ जन आंदोलन के लिए बाध्य होगी। हर्ष यादव ने कहा कि गन्ने का भुगतान किसानों का नहीं दिया जा रहा है। मिल के जीएम प्रताप नारायण ने आश्वासन दिया कि किसानों की सभी समस्याओं का निराकरण किया जाएगा। उनके आश्वासन पर किसानों का धरना समाप्त हुआ। इसके बाद किसानों ने चार सूत्रीय मांगों का ज्ञापन जीएम के माध्यम से मुख्यमंत्री को सौंपा। इस मौके पर जिलाध्यक्ष कमला राय, सुरेंद्र यादव, त्रिलोकी नाथ, रामहर्ष यादव, गुलाब मौर्या, लालचंद यादव, विश्राम चौहान, हीरा यादव आदि उपस्थित थे।