आजमगढ़। कमिश्नर विजय विश्वास पंत की अध्यक्षता में सोमवार को खरीफ विपणन 2020-21 के तहत धान खरीद की मंडलीय समीक्षा हुई। आयुक्त ने मंडल के तीनों जनपदों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों से धान खरीद होने के 72 घंटे के अंदर धान के मूल्य के भुगतान कर दिए जाए। सभी धान क्रय केंद्रों पर नमी मापक यंत्र, इलेक्ट्रॉनिक कांटा, झरना, बोरा, पंखा अवश्य उपलब्ध होने चाहिए। यदि ऐसा नहीं पाया जाता है तो संबंधित धान क्रय केंद्र पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारियों को निर्देश दिए कि धान की जो भी खरीद हो रही है उस पर स्टैंसिल लगवाएं। औचक निरीक्षण के समय बिना स्टैंसिल के स्टॉक मिलता है तो संबंधित अधिकारी-कर्मचारी के खिलाफ निलंबन की संस्तुति की जाएगी। केंद्रों पर बैनर लगाने व वाल राइटिंग कराने के निर्देश दिए। ब्लॉक स्तरीय गोदामों पर इलेक्ट्रॉनिक कांटों की उपलब्धता के निर्देश दिए। चावल मिलों की सूची, विवरण व उनके जीयो टैगिंग की स्थिति, चावल मिलों के धान क्रय केन्द्रों से संबद्धिकरण की स्थिति, बोरों की उपलब्धता, सीएमआर भंडारण प्लान, खरीफ विपणन वर्ष 2020-21 में जनपदवार धान खरीद की सूचना आदि की समीक्षा की। आरएफसी, तीनों जनपद के डिप्टी आरएमओ, एफसीआई के मंडलीय अधिकारी, मंडी परिषद, यूपी एग्रो के अधिकारी उपस्थित रहे।