पीएफ घोटाले में ईओ तलब: मुख्यमंत्री से शिकायत का जिलाधिकारी ने लिया संज्ञान, ठेकेदार के खिलाफ एफआईआर का निर्देश
2019 में 171 कर्मियों में 70 से 80 कर्मियों का ईपीएफ अंशदान नहीं जमा हुआ। नवंबर व दिसंबर 2019 में किसी का भी अंशदान नहीं जमा किया गया।
विस्तार
आजमगढ़ की नगर पालिका परिषद मुबारकपुर के पीएफ घोटाले की दबी फाइल फिर खुल गई है। इस बार जिलाधिकारी ने प्रकरण को संज्ञान में लेते हुए ईओ नगर पालिका को तलब किया और ठेकेदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने का निर्देश दिया है।
कस्बा निवासी एक व्यक्ति ने इस बाबत मुख्यमंत्री को जनसुनवाई में पत्रक सौंप कर कार्रवाई की मांग की थी। मुबारकपुर नगर पालिका परिषद में आउट सोर्स कर्मचारियों का पीएफ घोटाला हुआ है। आरोप के अनुसार ठेकेदार ने कर्मचारियों के खाते से पीएफ अंशदान की कटौती के बाद भी जमा नहीं किया था।
इसकी शिकायत कस्बा के पूरासोफी निवासी आमिर फहीम ने जन सुनवाई में मुख्यमंत्री से की थी।आईजीआरएस के माध्यम से मुख्यमंत्री कार्यालय से यह शिकायत जिलाधिकारी के पास भेजी गई, जिसके निस्तारण की बार-बार नपा प्रशासन ने आख्या लगाई और हर बार आख्या निरस्त कर दी गई।
सीएम कार्यालय की सख्ती के बाद एक बार फिर नपा मुबारकपुर के पीएम घोटाले की फाइल खुल गई है। जिलाधिकारी ने ईओ नगर पालिका प्रतिभा सिंह को तलब कर कड़ी कार्रवाई का निर्देश देने के साथ ही तत्काल प्रकरण का निस्तारण करने का निर्देश दिया है।
171 कर्मियों की 2019 में हुई थी तैनाती
नगर पालिका परिषद मुबारकपुर ने कुल 211 कर्मियों की तैनाती के लिए 2018 में टेंडर जारी किया था। टेंडर अरविंद कुमार सिंह के नाम से पास हुआ और उन्हें 171 कर्मियों की तैनाती का टेंडर मिला। इसके बाद कर्मचारियों की तैनाती कर दी गई और उनका ईपीएफ खाता भी खुलवा दिया गया।
2019 में 171 कर्मियों में 70 से 80 कर्मियों का ईपीएफ अंशदान नहीं जमा हुआ। नवंबर व दिसंबर 2019 में किसी का भी अंशदान नहीं जमा किया गया। आमिर फहीम की शिकायत पर कर्मचारी भविष्य निधि संगठन की जांच में इस घोटाले की पुष्टि भी हो चुकी है। शिकायत के बाद ईओ ने जांच कर आख्या का निर्देश दिया। इस पर तत्कालीन ईओ ने अंशदान जमा होने की बात तो कहीं लेकिन साक्ष्य उपलब्ध नहीं कराया गया।
ईओ ने कुछ भी कहने से किया इनकार
ईओ प्रतिभा सिंह ने कहा कि जिलाधिकारी ने कुछ आदेश जारी किया है लेकिन यह आदेश क्या है इस बाबत वह अभी कुछ भी बोलने की स्थिति में नहीं हैं। जिलाधिकारी के निर्देशानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है। नपा के लोग इस प्रकरण की जांच में जुटे हुए हैं।