Electricity Crisis: मड़ौली में जल गई एबीसी, नई बस्ती में तार टूटने से गुल रही बिजली; खराब हो गया ट्रांसफॉर्मर
Varanasi News: बढ़ती गर्मी के साथ बिजली आपूर्ति फिर लड़खड़ाने लगी है। मड़ौली क्षेत्र में एबीसी केबल जलने और ट्रांसफॉर्मर खराब होने से आपूर्ति प्रभावित रही। वहीं नई बस्ती में तार टूट जाने से कई घंटे बिजली गुल रही। बिजली कटौती और तकनीकी खराबियों से लोगों को उमस भरी गर्मी में परेशानी का सामना करना पड़ा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
Electricity Crisis UP: गर्मी बढ़ते ही बिजली आपूर्ति की व्यवस्था फिर से लड़खड़ाने लगी है। शुक्रवार को सेंट जांस कालोनी मड़ौली में एबीसी केबल में आग लग गई तो नई बस्ती नाथूपुर में तार टूटने की वजह से बिजली गुल हो गई। इसके अलावा लहरतारा, महेशपुर, ककरमत्ता से लेकर चेतगंज तक बिजली की आवाजाही रात तक जारी रही।
बिजली निगम की ओर से बेहतर आपूर्ति के लिए जगह-जगह तार बदलवाने के साथ ही ट्रांसफॉर्मर की मरम्मत कराने का दावा किया जा रहा है। इसके बाद भी इस सप्ताह के शुरूआत से फाल्ट होने के साथ ही ट्रिपिंग की समस्या बढ़ गई है। बृहस्पतिवार की आधी रात बाद दो बजे नाथुपुर नई बस्ती में तार टूट गया। इस वजह से घरों में अंधेरा छा गया।
लोगों ने उपकेंद्र को सूचना दी लेकिन आपूर्ति दो घंटे बाद ही बहाल हो सकी। सेंट जांस कालोनी मड़ौली में ट्रांसफॉर्मर शुक्रवार दोपहर 12 बजे खराब हो गया। सूचना लोगों ने इसके बाद भी ट्रांसफॉर्मर सही करने में दो घंटे का समय लग गया। इसके अलावा लहरतारा नई बस्ती, चौरछठवां, मड़ौली, महमूरगंज, ककरमत्ता, कंदवा में भी बिजली की आवाजाही जारी रही। कई इलाकों में एक ही फेस बिजली मिलने की वजह से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
संविदा लाइन मैन को लगा करंट, सीढ़ी से गिरा, टूट गया हाथ
जैतपुरा थाना क्षेत्र के खोजीपुरा इलाके में ट्रांसफॉर्मर की मरम्मत के दौरान एक संविदा लाइनमैन साकेत कुमार (36)को करंट लग गया। झटका लगने से वह सीढ़ी से नीचे गिर पड़ा। इससे उसके दोनों हाथ फ्रैक्चर हो गए।
अलईपुरा विद्युत उपकेंद्र के अधिशासी अभियंता (एक्सईएन) मनोज कुमार ने बताया कि मरम्मत कार्य के लिए अलईपुरा 33/11 केवीए उपकेंद्र से शटडाउन लिया गया था। इसी दौरान अचानक हाई टेंशन लाइन में रिवर्स फ्लो होने से साकेत को करंट का झटका लगा और वह सीढ़ी से नीचे गिर गया। उसके दोनों हाथों में फ्रैक्चर हो गया। निजी अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे ईएसआईसी अस्पताल रेफर कर दिया। घटना के बाद विभागीय जांच भी कराई जा रही हैं।