सभी कार्यदायी एजेंसियां बोरिंग, लोवरिंग, पाइप डालने के कार्य, पानी टंकी एवं पानी कनेक्शन आदि कार्याें को निर्धारित समय सीमा में पूरा करें। किसी भी प्रकार की अप्रत्याशित घटना से बचने एवं सुरक्षा के दृष्टिगत कार्यस्थल की बैरीकेडिंग कराएं। उक्त निर्देश जिलाधिकारी विशाल भारद्वाज ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जल जीवन मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत चल रहे कार्यों की समीक्षा बैठक में दिए। उन्होंने कार्यदाई एजेंसियों को कार्य में अपेक्षित प्रगति लाने के लिए कार्य की सापेक्ष श्रमिक लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यदाई एजेंसियां विभिन्न ट्रेंडों में प्रशिक्षित युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराएं। डीएम ने आईएसए सोसाइटियों को गांवों में एफएचटीसी कनेक्शन के लिए जागरूक करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गांव में प्रभात फेरी, बैठक, महिला बैठक एवं कम्युनिटी मीटिंग के माध्यम से शुद्ध पेयजल के लाभ के बारे में जानकारी दें। उन्होंने कहा कि ट्रायल रन हो चुके गांवों में अधिक से अधिक एफएचटीसी कराया जाए। सभी समितियों को वॉल पेंटिंग व स्लोगन आदि के माध्यम से लोगों को शुद्ध पेयजल के लाभ के बारे में बताते हुए कनेक्शन लेने के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी श्रीप्रकाश गुप्ता, अधिशासी अभियंता जल निगम (ग्रामीण) एवं कार्यदाई एजेंसियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहें।