रानी की सराय। मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत ने शुक्रवार की दोपहर कस्बा स्थित दो राजकीय खाद्य गोदाम केंद्र का निरीक्षण किया और रजिस्टर में गड़बड़ी मिलने पर दोनों गोदाम को सील कर दिया।
मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत शुक्रवार की दोपहर लगभग दो बजे अचानक सरायहाजी स्थित राजकीय खाद्य गोदाम केंद्र पहुंचे। अचानक पहुंचे मंडलायुक्त को देख देख केंद्र पर हड़कंप मच गया। मंडलायुक्त ने रजिस्टर चेक किया तो उसमें गड़बड़ी मिली। उन्होंने कड़ी नाराजगी जताते हुए गोदाम को सील कर रजिस्टर अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद मंडलायुक्त नेउरही रोड रूदरी मोड़ स्थित राजकीय खाद्य गोदाम केंद्र पहुंचे। वहां भी स्टाक रजिस्टर चेक किया और गड़बड़ी पाया। मंडलायुक्त ने बताया कि दोनों केंद्रों के निरीक्षण में रजिस्टर में कुछ और दर्शाया गया है और स्टाक में कुछ और है। उन्होंने एसडीएम सदर को तत्काल दोनों गोदामों को सील करने का निर्देश दिया। साथ ही रजिस्टर अपने कब्जे में ले लिया। उधर, सदर नायब तहसीलदार ने बतायाकि स्टॉक रजिस्टर के अनुसार गोदाम पर 1100 बोरा चावल तो 50 बोरा गेहूं अधिक पाया गया। मंडलायुक्त के निरीक्षण में एसडीएम सदर, नायब तहसीलदार, लेखपाल, एसओ आदि मौजूद रहे।