मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत की अध्यक्षता में बुधवार को कैंप कार्यालय से जूम एप के जरिए शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता वाले विकास कार्यक्रमों तथा कर करेत्तर वसूली की समीक्षा बैठक हुई। जिसमें मंडलायुक्त ने कहा कि आगामी दिनों के पड़ने वाले त्योहारों को देखते हुए साफ सफाई के साथ ही अन्य व्यवस्थाएं जैसे विद्युत आपूर्ति, सड़कों का रख रखाव आदि सुदृढ़ रखा जाए। उन्होंने आजमगढ़, मऊ एवं बलिया के जिलाधिकारियों से कहा कि आगामी धान खरीद सत्र की सभी तैयारियां पहले से मुकम्मल कर लें। गत खरीद सत्र का विश्लेषण कर सुनिश्चित कराएं कि इस सत्र में कहीं कोई कमी न रहने पाए तथा खरीद सुचारु रूप से लक्ष्य के सापेक्ष हो। संयुक्त निदेशक, स्वास्थ्य को निर्देश दिया कि आगामी दो माह में स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित होने कार्यक्रमों का लक्ष्य सहित विस्तृत विवरण उपलब्ध कराएं। जाड़े का मौसम शुरू होने से पहले ही निराश्रित गोवंश आश्रय स्थलों में पशुओं को ठंड से बचाव का भी पूरा बंदोबस्त कर लिया जाए। आजमगढ़ में अधिकांश सीएचसी पर एक ही एमओआईसी कई वर्षों से तैनात हैं, जिनका स्थानान्तरण नहीं किया जा रहा है। सीएमओ आजमगढ़ पर नाराजगी व्यक्त करते हुए ऐसे एमओआईसी का तत्काल स्थानांतरण करने का निर्देश दिया। यदि स्थानांतरण नहीं किया जाता है तो सीएमओ को आरोप पत्र निर्गत किया जाएगा। आयुष्मान भारत योजना की समीक्षा में विदित हुआ कि जनपद बलिया में गोल्डेन कार्ड बनाने प्रगति काफी कम हो गयी है। इसके अलावा वहॉ गोल्डेन कार्ड का उपयोग भी अत्यंत कम हो रहा है। इसके लिए उन्होंने बलिया के डीएम एवं सीडीओ को इसकी नियमित मानीटरिंग कर कार्ड बनाने की प्रगति अपेक्षानुसार लाने तथा कार्ड धारकों को उसके उपयोग के प्रति जागरुक कराने की कार्रवाई करें। पंचायती राज विभाग की समीक्षा के दौरान तीनों जनपदों के जिला पंचायत राज अधिकारियों को निर्देश दिया कि जो भी पंचायत भवन तैयार हो गए हैं उसमें सारी व्यवस्थाएं उपलब्ध कराते हुए तत्काल संचालित किया जाए। जो पंचायत भवन सक्रिय हो गए हैं उसका डिटेल उप निदेशक पंचायत के माध्यम से उपलब्ध कराया जाए। भ्रमण के दौरान कतिपय स्थलों पर सेप्टिक टैंक बने हुए पाए गए हैं जो सही नहीं है। उन्होंने सभी डीपीआरओ को निर्देशित किया कि सामुदायिक शौचालयों के निरीक्षण में उसके प्रैक्टिकल यूज और क्वालिटी को अवश्य देखें तथा सुनिश्चित करें कि निर्माण बेसिक डिजाईन के अनुरूप हो। बैठक में मनरेगा, सामाजिक वनीकरण, आईजीआरएस, सामूहिक विवाह योजना, पेंशन योजना आदि की विस्तार से समीक्षा की गयी।इस मौके पर डीएम आजमगढ़ राजेश कुमार, मऊ अमित सिंह बंसल, बलिया अदिति सिंह, तीनों जनपद के सीडीओ सहित अन्य सम्बन्धित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।