बिंद्राबाजार। मेंहनगर तहसील क्षेत्र की ग्राम सभा रानीपुर रजमो में शनिवार को पंचायत भवन पर चौपाल का आयोजन किया गया। इस दौरान अधिकारियों ने नौ लोगों की समस्याएं सुनीं लेकिन किसा का निस्तारण नहीं हो सका। ये आयोजन डॉ. हृषिकेश भास्कर, चकबंदी आयुक्त उप्र लखनऊ के आदेश तथा डीएम रविंद्र कुमार के निर्देश पर किया गया।चौपाल सुबह 11 बजे शुरू हुई। इस दौरान ग्रामीणों ने चकबंदी प्रक्रिया को लेकर कई आरोप-प्रत्यारोप लगाए। स्थिति कुछ देर के लिए तनावपूर्ण भी हो गई, हालांकि अधिकारियों ने संयम बरतते हुए एक-एक कर लोगों की समस्याएं सुनीं। चौपाल में कुल 9 लोगों की समस्याएं सामने आईं, लेकिन किसी भी मामले का मौके पर निस्तारण नहीं हो सका। इससे ग्रामीणों में निराशा देखी गई। बंदोबस्त अधिकारी राम प्रवेश प्रसाद सिंह ने कहा कि गांव के सभी लोग अपनी-अपनी समस्याओं से संबंधित प्रार्थना पत्र दें। सभी शिकायतों पर विधिवत विचार कर नियमानुसार समाधान किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 1201 हेक्टेयर जोत भूमि में चार प्रतिशत की कटौती की गई है। चकबंदी प्रक्रिया के तहत 45 प्रपत्र चल रहा है, जिसे ग्राम प्रधान एवं किसानों को उपलब्ध कराया जाएगा।चौपाल के दौरान ग्रामीणों ने खेलकूद का मैदान, सार्वजनिक शौचालय, दसवां घाट, कब्रिस्तान, होलिका दहन स्थल और जल निकासी जैसी जनसमस्याओं को भी उठाया। ग्रामसभा के झारखंडेय सिंह ने आरोप लगाया कि भूमि की मालियत में गड़बड़ी की गई है। जिस भूमि की मालियत 50 पैसे थी, उसे 1 रुपये कर दिया गया और जिसकी 1 रुपये थी, उसे 50 पैसे कर दिया गया। इस अवसर पर चकबंदी अधिकारी संजय कुमार, बंदोबस्त अधिकारी राम प्रवेश प्रसाद सिंह, उपसंचालक चकबंदी अधिकारी रामकिशोर, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि मानसिंह पटेल, झारखंडेय सिंह, शिवप्रकाश मोदनवाल, बिरजू यादव, सुखदेव सरोज, जितेंद्र तिवारी, अजीत सिंह, देवनारायण, कमलेश, बृजेश आदि उपस्थित रहे।