चक्रपानपुर। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती की परीक्षा तीसरे दिन संपन्न हो गई। जिले के 14 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। परीक्षा देकर बाहर निकले अभ्यर्थियों के अनुसार सामान्य अध्ययन के कुछ प्रश्नों ने जरूर सोचने पर मजबूर किया, लेकिन ज्यादातर प्रश्न सीधे और सामान्य स्तर के थे।
गणित और रीजनिंग खंड में कुछ प्रश्न अपेक्षाकृत कठिन रहे, हालांकि तैयारी करने वाले अभ्यर्थियों ने उन्हें हल किया। हिंदी विषय के प्रश्न सामान्य स्तर के रहे, जबकि रचना और व्याकरण से जुड़े कुछ प्रश्नों ने अभ्यर्थियों की परीक्षा ली। अभ्यर्थियों ने परीक्षा के बाद चयन को लेकर सकारात्मक उम्मीदें जताईं। उनका कहना था कि यदि कटऑफ सामान्य रहा तो सफलता की संभावना बेहतर है। तीन दिवसीय परीक्षा के समापन पर प्रशासन ने बताया कि प्रदेश में 32,679 सिपाही नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती के लिए आयोजित परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न हुई। जिले के 14 केंद्रों पर छह पालियों में परीक्षा कराई गई। अंतिम दिन उपस्थिति में बढ़ोतरी देखी गई। सुबह की पाली में 81.36 प्रतिशत और दूसरी पाली में 82.38 प्रतिशत अभ्यर्थी शामिल हुए। तीन दिनों का कुल औसत उपस्थिति 81.10 प्रतिशत रहा। आंकड़ों के अनुसार, तीन दिनों छह पालियों में आयोजित परीक्षा में कुल 38,592 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 31,300 ने परीक्षा दी, जबकि 7,292 अनुपस्थित रहे। प्रशासन ने परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण बताते हुए सफल समापन की पुष्टि की।