आजमगढ़। निजामाबाद थाना क्षेत्र के नेवादा गांव निवासी बीडीसी की हत्या में नामजद व फरार चल रहे तीन इनामियां बदमाशों को पुलिस ने शुक्रवार को मुठभेड़ के बाद परसहां रेलवे क्रासिंग के पास से गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से पुलिस ने दो तमंचा व कारतूस भी बरामद किया है। एक दिन पूर्व ही एसपी ने इन पर 25-25 हजार का इनाम घोषित किया था।
बीडीसी सुरेंद्र यादव की सोमवार की रात गोली मार कर हत्या कर दी गई थी। इस हत्याकांड में मृतक के भांजे शिवम ने आठ लोगों को नामजद किया था। पांच नामजद आरोपियों को पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार कर लिया था। तीन नामजद अभियुक्त फरार चल रहे थे। जिस पर दो दिन पूर्व ही एसपी ने 25-25 हजार का इनाम भी घोषित किया। शुक्रवार को मुखबिर की सूचना पर निजामाबाद थाना पुलिस परसहां रेलवे क्रासिंग पर खड़ी होकर पैदल आ रहे तीन बदमाशों का इंतजार कर रही थी। कुछ ही देर में तीन बदमाश आते हुए दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें जब रोका तो बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायर करते हुए भागने लगे। पुलिस ने खुद का बचाव करते हुए घेराबंदी किया और तीनों को पकड़ लिया। पकड़े गए तीनों बदमाश बीडीसी हत्याकांड के फरार चल रहे 25-25 हजार के इनामियां अपराधी अमित यादव, गगन यादव निवासी बड़हरिया थाना निजामाबाद व प्रमोद यादव निवासी बकिया लक्षिरामपुर थाना निजामाबाद है। इनके पास से पुलिस ने दो तमंचा व कारतूस बरामद किया। बीडीसी हत्याकांड में नामजद सभी आठ अभियुक्त अब सलाखों के पीछे पहुंच चुके है।