UP: झाड़-फूंक से करते थे ठगी...चार आरोपी अरेस्ट, लाखों के आभूषण और नकदी बरामद; पुलिस व स्वाट ने की कार्रवाई
Azamgarh News: आजमगढ़ पुलिस और स्वाट टीम ने बदमाशों के पास से भारी मात्रा में ठगी का सामान, नकदी, अवैध असलहा और घटनाओं में प्रयोग की गई तीन कारें बरामद की गईं।
विस्तार
Azamgarh News: आजमगढ़ के कोतवाली फूलपुर पुलिस व स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई में अन्तरजनपदीय टप्पेबाज, ठग गिरोह के चार शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। इस संयुक्त टीम ने लगभग चार लाख रुपये मूल्य के आभूषण, 2,90,000 रुपये नकद, एक तमंचा 315, एक कारतूस, चार पहिया तीन वाहन व चार मोबाइल बरामद किए।
एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि 20 नवंबर, 2025 को कस्बा फूलपुर के राजकुमार साव ने अपनी पत्नी आशा देवी से झाड़–फूंक का बहाना बनाकर सोने के आभूषण और 15–20 हजार रुपये ठग लिए जाने की शिकायत दर्ज कराई थी।
इस संबंध में मामला बीएनएस में अज्ञात तीन व्यक्तियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई। विवेचना में पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर धाराओं में बढ़ोतरी करते हुए आर्म्स एक्ट भी जोड़ा गया। इसी तरह 28 दिसम्बर 2024 को कोतवाली क्षेत्र में भी टप्पेबाजी की एक घटना हुई थी, इसमें भी अज्ञात के विरुद्ध मामला दर्ज था। शनिवार को पुलिस और स्वाट टीम ने खानजहांपुर बूथ क्षेत्र में चेकिंग के दौरान बिलारमऊ चिरैया मोड़ रोड पर घेराबंदी कर वाहन से जा रहे चारो आरोपियों को धर दबोचा।
गिरोह का ठगी करने का तरीका
एसपी ग्रामीण चिराग जैन के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे सामूहिक रूप से टप्पेबाजी और ठगी करते थे। महिलाओं को झांसा देने में दिक्कत आने पर गिरोह की सदस्य रुकसाना मौके पर पहुंचकर उनका विश्वास जीत लेती थी। घटनाओं को अंजाम देने के लिए लगातार चारपहिया वाहनों को बदला जाता था। आजमगढ़, बलिया, मऊ सहित कई जनपदों में दर्जनों वारदातें कर चुके हैं। फूलपुर में ठगी के जेवरों को लखनऊ और कानपुर ले जाकर 7,32,000 रुपये में बेचा, जिसका पैसा गिरोह के सदस्यों में बांटा गया।
उन्होंने बताया कि इस मामले में असगर अली निवासी कुन्दनगंज, थाना बछरावां, रायबरेली, मोहम्मद कलीम निवासी पटेल नगर कॉलोनी, बछरावां, रायबरेली, मोहम्मद सलीम उर्फ बब्लू निवासी पटेल नगर कॉलोनी, बछरावां, रायबरेली और रुकसाना पत्नी मोहम्मद सलीम उर्फ बब्लू, निवासी पटेल नगर कॉलोनी, बछरावां, रायबरेली को गिरफ्तार किया गया है।
आरोपियों का आपराधिक इतिहास
चिराग जैन ने बतााया कि चारों अपराधियों के खिलाफ हरदोई, लखनऊ, वस्ती, जालौन, प्रतापगढ़ और आजमगढ़ जिलों में कई गंभीर मामले दर्ज पाए गए हैं, जिनमें 406, 411, 420, 413 भादवि, बीएनएस की गंभीर धाराएं और आर्म्स एक्ट शामिल हैं।